पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की डोईवाला विधानसभा सीट के चुनावी दंगल में बेशक चिर प्रतिद्वंद्वी भाजपा और कांग्रेस ने नए पहलवान उतारे हैं, लेकिन मुकाबले से बाहर होने के बावजूद यहां दो सियासी धुरंधरों की प्रतिष्ठा भी दांव पर मानी जा रही है।
भाजपा अपने दुर्ग को बचाने, कांग्रेस इसे ढहाने और बगावत कर ताल ठोक रहे निर्दलीय दुर्ग में सेंध लगाने के लिए दांव पर दांव चल रहे हैं। क्षेत्रीय विधायक त्रिवेंद्र सिंह रावत की जगह इस बार भाजपा ने बृजभूषण गैरोला पर दांव लगाया है। वह त्रिवेंद्र की पसंद बताए जाते हैं।
यहां त्रिवेंद्र के ही नहीं हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र की सीट होने के नाते सांसद व पूर्व सीएम डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक के सियासी पकड़ की भी परीक्षा है। यही वजह है कि पार्टी प्रत्याशी के लिए दोनों दिग्गज भी दमखम लगा रहे हैं। भाजपा के बागी जितेंद्र नेगी के चुनाव मैदान में होने से कांग्रेस फायदे की उम्मीद में है।
ये भी पढ़ें...Uttarakhand Election 2022: प्रधानमंत्री टिहरी जिले के मतदाताओं को करने वाले वर्चुअली संबोधित, लेकिन कार्यक्रम हुआ स्थगित
भाजपा और कांग्रेस की मिश्रित हवा है। आम आदमी पार्टी, उक्रांद समेत सभी 10 प्रत्याशी कोशिश में हैं कि अपने-अपने मजबूत दायरे से बाहर आकर चिर प्रतिद्वंद्वियों को चुनौती दे सकें। भाजपा त्रिवेंद्र राज के काम और मोदी मैजिक के भरोसे फिर भगवा बुलंद करने के मंसूबों के साथ मैदान में है।
कांग्रेस सिख और मुसलिम बहुल क्षेत्रों में पैठ बनाने और सत्तारोधी रुझान को वोटों में बदलने की कोशिश कर रही है। राज्य गठन के बाद पहली बार डोईवाला के समर में भाजपा और कांग्रेस ने स्थानीय उम्मीदवार मैदान में उतारा है। इसलिए खामोश नजर आने वाला मतदाता कह रहा है कि जीते कोई भी विधायक तो अपना (स्थानीय) ही होगा।
स्थानीय मुद्दे
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का प्रो बोनो एग्रीमेंट, जंगली जानवरों की समस्या, बेरोजगार, किसानों के बकाया भुगतान की व्यवस्था, शिक्षा और सड़क आदि।
मतदाता कुल
165776
महिला 80999
पुरुष 84771