चार धाम तीर्थ पुरोहित हक हकूकधारी महापंचायत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भेजकर देवस्थानम बोर्ड को भंग करने की मांग की है। पीएम को लिखे पत्र में महापंचायत के अध्यक्ष कृष्णकांत कोटियाल, संयोजक सुरेश सेमवाल, लक्ष्मीनारायण, उपाध्यक्ष विनोद शुक्ला आदि की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि देवस्थानम बोर्ड चार माह में एक भी बैठक नहीं कर पाया है।
महापंचायत के प्रवक्ता बृजेश सती के मुताबिक पहले बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि में बदलाव किया गया। इसके बाद केदारनाथ के गर्भगृह में पूजा का एक वीडियो भी सामने आया। केदारनाथ में गर्भगृह में फोटो लेना तक प्रतिबंधित है।
इस तरह के कई मामले सामने आए हैं और देवस्थानम बोर्ड कोई फैसला नहीं कर पा रहा है। महापंचायत की ओर से सभी पुरोहितों और हकहकूकधारियों से कहा गया है कि वे किसी भी रह से परंपराओं को नुकसान न पहुंचने दें।