यमुनोत्री हाईवे पर चौड़ीकरण कार्य में लगी मशीन पहाड़ी से गिरे मलबे की चपेट में आ गई। घटना में मशीन ऑपरेटर बाल-बाल बचा। गनीमत रही कि इस दौरान वहां से कोई वाहन भी नहीं गुजर रहा था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
यमुनोत्री हाईवे पर ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत पोलगांव से पालीगाड़ तक चौड़ीकरण कार्य चल रहा है। क्षेत्र में पहाड़ियों को काटने के लिए कई स्थानों पर मशीनें लगाई गई हैं। सोमवार सुबह खनेड़ा पुल व कुथनौर के बीच चौड़ीकरण कार्य में लगी एक मशीन पहाड़ी के मलबे की चपेट में आ गई।
मशीन के एक हिस्से पर मलबा व बोल्डर गिरे, जिससे मशीन भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गई। घटना में मशीन ऑपरेटर मलबे की चपेट में आने से बाल-बाल बचा, जिस समय मशीन के ऊपर मलबा गिरा उस दौरान सड़क पर भी कोई वाहन नहीं था। जिससे बड़ी घटना होने से बच गई।
ये भी पढ़ें...
उत्तराखंड में फूलदेई लोकपर्व का उत्सव: सज धज कर फूलों की टोकरी लेकर मुख्यमंत्री आवास पहुंचे बच्चे, नेताओं ने दी शुभकामनाएं, तस्वीरें...
सड़क निर्माण कार्यों में नहीं बरते जाते सुरक्षा मानक
अधिकांश स्थानों पर सड़क निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जाता है। सड़क निर्माण में लगे मजदूरों को हेलमेट तक नहीं दिया जाता है। वहीं मशीन ऑपरेटरों को भी पूरे सुरक्षा उपकरण नहीं दिए जाते हैं, जिससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। चौड़ीकरण के दौरान मशीनों के ऊपर मलबा गिरने की अक्सर घटनाएं होती रहती है।