मलखान सीधे देहरादून के लिए चल दिए
उन्होंने शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे फोन किया तो करीब पांच मिनट तक बात हुई। इसके बाद शनिवार सुबह सवेरे फोन किया तो पत्नी बबीता सिंह ने फोन नहीं उठाया। कई बार प्रयास किए लेकिन कोई उत्तर नहीं मिला। इस तरह पहले कभी नहीं हुआ। यह सोचकर मलखान सीधे देहरादून के लिए चल दिए। दोपहर करीब एक बजे मलखान सिंह अपने मकान पर पहुंचे तो देखा कि दरवाजा अंदर से बंद था। पत्नी को आवाज लगाई, लेकिन फिर भी कोई जवाब नहीं आया। उन्होंने बेटे आदित्य को बुलाया तो उसने दरवाजा खोला। आदित्य का हाथ लहूलुहान था। यह देखकर मलखान सिंह घबरा गए। उन्होंने देखा कि ड्राइंग रूम में खून ही खून पड़ा था। उन्हें समझते देर न लगी कि घर में कुछ अनहोनी हुई है।
आदित्य से पूछा तो उसने स्वीकार कर लिया कि उसी ने मां को मारा
यह सोचकर उन्होंने घर के सभी कमरों को एक-एक कर चेक किए। देखा कि बाहर वाले बेडरूम में पत्नी बबीता लहूलुहान पड़ी थीं। उनके चेहरे पर किसी भारी चीज से वार कर क्षत-विक्षत कर दिया गया था। पास में ही सब्बल पड़ा था। उन्होंने बेटे आदित्य से पूछा तो उसने स्वीकार कर लिया कि उसी ने मां को मारा है। इसके बाद उसने अपने हाथ की नस भी काट ली, जिससे निकला खून ड्राइंग रूम में पड़ा था। यह सब जानकार उन्होंने बेडरूम का दरवाजा बंद किया और कंट्रोल रूम को फोन किया। मौके पर पुलिस पहुंची और प्राथमिक पड़ताल के बाद ही आदित्य को हिरासत में ले लिया। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि बबीता सिंह के चेहरे पर दर्जनों वार किए गए हैं। इससे उनका चेहरा पूरी तरह बिगड़ गया है। मलखान सिंह की शिकायत पर बेटे आदित्य सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आदित्य को इलाज के लिए कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन डॉक्टर ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है। उसे रविवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
दिमागी रूप से बीमार है आदित्य, कई जगह चला इलाज
आदित्य सिंह 30 वर्ष का है। वह लंबे समय से दिमागी रूप से बीमार चल रहा है। उसके पिता डीएसपी मलखान सिंह ने भी अपनी तहरीर में इस बात का जिक्र किया है। उसे शहर के कई नामी डॉक्टर को भी दिखाया गया है। उसने मां को क्यों मारा इस बात का पता नहीं चल सका है। हालांकि, कुछ बातें उसने पुलिस और अपने पिता को जरूर बताई हैं, जिससे उसकी दिमागी हालत का पता चल रहा है।
ये भी पढ़ें...Cricket World Cup: फैंस की उम्मीदें...जोरों पर तैयारियां, भारत की जीत के लिए परमार्थ निकेतन में विशेष हवन पूजन
अक्सर करता था मारपीट, पिता नहीं करते थे बात
आदित्य सिंह अक्सर अपनी मां के साथ मारपीट करता था। यही कारण था कि उसके पिता भी उससे बात नहीं करते थे। बबीता सिंह ने जब शनिवार सुबह फोन नहीं उठाया तो मलखान सिंह ने आदित्य को फोन तक नहीं किया। वह सीधे खुद ही देहरादून के लिए मुरादाबाद से निकल पड़े। एसएसपी ने बताया कि परिवार के बारे में और भी जानकारियां जुटाई जा रही हैं। आदित्य के इलाज से संबंधित जानकारियां जुटाई जा रही है।