यूक्रेन से दून के आईएसबीटी पहुचने पर इंद्रा नगर निवासी लिपाक्षी कुंवर का स्वागत करती भाजपा नेता ?
शहर के इंद्रानगर निवासी लिपाक्षी कुंवर यूक्रेन से लौटकर सोमवार को सुरक्षित स्वदेश पहुंच गई हैं। लिपाक्षी कुंवर यूक्रेन के विश्वविद्यालय से एमबीबीएस द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रही हैं। सोमवार को वह देहरादून पहुंची तो परिजनों से मिलकर भावुक हो गई। लीपाक्षी ने परिजनों को बताया कि यूक्रेन के हालात बहुत खतरनार हैं और वहां छात्र-छात्राओं समेत अन्य लोग हर पल खौफ के साये में हैं।
लीपाक्षी ने बताया कि वह गत 26 फरवरी को नौ किलोमीटर पैदल चलकर रोमानिया पहुंच गई थी। रोमानिया से रविवार देर रात अन्य छात्र-छात्राओं और बाकी लोगों के साथ फ्लाइट से दिल्ली के लिए रवाना हुई। करीब सात घंटे की फ्लाइट के बाद सोमवार सुबह सात बजे दिल्ली पहुंची। जहां से वॉल्वो बस में सवार होकर दोपहर डेढ़ बजे आईएसबीटी देहरादून पहुंची।
लिपाक्षी के देहरादून पहुंचने की सूचना पर उनके पिता देवेंद्र सिंह कुंवर और माता सुधा देवी आईएसबीटी पहुंचे। जहां पर बेटी की सकुशल घर वापसी पर उनके माता पिता, छोटा भाई, नानी, मौसी व खुद लीपाशी भी भावुक हो गई। बेटी के स्वदेश लौटने पर उन्होंने परिचितों और शासन प्रशासन का आभार जताया। वहीं, पूर्व विधायक स्वर्गीय हरबंस कपूर की पत्नी सविता कपूर ने भी आईएसबीटी पहुंचकर लिपाक्षी से मिलीं। लिपाक्षी के परिजनों ने बेटी के स्वदेश लौटने पर भारत सरकार और ईश्वर का भी धन्यवाद किया। साथ ही लीपाक्षी व उनके परिजनों ने यूक्रेन में फंसे छात्रों व अन्य नागरिकों को तत्काल वापस लाने की अपील की। लीपाक्षी ने बताया कि शनिवार को यूक्रेन से अन्य साथियों के साथ तिरंगा लगे वाहन से बॉर्डर पर पहुंची थी। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य कायम रखना ही इस वक्त यूक्रेन के हालातों में काम आ रहा है। लीपाक्षी की मां ऊखीमठ में शिक्षिक हैं।