उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं के नतीजे घोषित कर दिए हैं। रामनगर स्थित बोर्ड मुख्यालय में शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने शनिवार सुबह 11 बजे परीक्षाफल जारी किया। कोरोना के कारण परीक्षाएं नहीं हुईं फिर भी इस साल 10वीं में 99.09 और 12वीं में 99.56 प्रतिशत छात्र-छात्राएं पास हुए हैं।
हाईस्कूल में 148347 छात्र पंजीकृत थे, लेकिन 147725 विद्यार्थियों का ही पिछले प्रदर्शन का आकलन हुआ। इनमें 146386 छात्र पास हुए और परीक्षाफल 99.09 प्रतिशत रहा।
छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 99.30 और छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 98.86 रहा। 23688 छात्र सम्मान सहित उत्तीर्ण हुए हैं। 76768 छात्र प्रथम श्रेणी और 45589 परीक्षार्थी द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं। तृतीय श्रेणी में 341 छात्र पास हुए हैं।
इंटरमीडिएट में 122198 छात्र पंजीकृत थे। इनमें से 121705 का मूल्यांकन हुआ। इनमें 121171 छात्र उत्तीर्ण घोषित हुए। कुल परीक्षाफल 99.56 प्रतिशत रहा। छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 99.40 और छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 99.71 रहा। 20955 विद्यार्थी सम्मान सहित उत्तीर्ण हुए हैं।
63901 परीक्षार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं। 33571 को द्वितीय श्रेणी मिली है। 321 छात्र तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं।