एसटीएफ की एंटी ड्रग टास्क फोर्स ने नशे के खिलाफ एक और कार्रवाई की है। मसूरी के बार्लोगंज, जेपी बैंड के पास से दो तस्करों को ढाई किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया गया है। एसटीएफ की नशे के खिलाफ लगातार दूसरे दिन यह कार्रवाई है। मामले में मसूरी कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसटीएफ डीआईजी रिद्धिम अग्रवाल ने बताया कि मसूरी और आसपास के क्षेत्रों में चरस आदि नशीले पदार्थों की खेप आने की सूचना मिल रही थी। इसी क्रम में एंटी ड्रग टास्क फोर्स की दो टीमों को इनके पीछे लगाया गया। बुधवार सुबह मसूरी से दो युवकों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से ढाई किलोग्राम चरस बरामद हुई है। आरोपियों ने पूछताछ में अपने नाम देवेंद्र लाल साह निवासी भटवाड़ी मनेरी उत्तरकाशी और राकेश शर्मा निवासी ढुंडा उत्तरकाशी बताए हैं।
एसटीएफ के अनुसार दोनों आरोपी भटवाड़ी से चरस लाते थे। देहरादून के अलावा इनका हरिद्वार में भी बड़ा नेटवर्क बताया जा रहा है। पूछताछ में बहुत सी जानकारी मिली है। इसकी तस्दीक करने के बाद आरोपियों के नेटवर्क को तोड़ा जाएगा। साथ ही उत्तरकाशी के भटवाड़ी में भी एसटीएफ को सक्रिय कर दिया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से इन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।