उत्तरकाशी की मुखेम रेंज में ग्राम बड़ेथ के खंडहर पड़े पंचायत घर के भीतर एक घायल गुलदार मिला है। सूचना पर पटवारी ने वन विभाग को मौके पर बुलाया है। वहीं उत्तरकाशी के गाजणा क्षेत्र में रातलधार के जंगल में लगी आग से घायल गुलदार बडे़थ गांव के पंचायत भवन में घुसा है।
रविवार शाम साढ़े पांच बजे ग्रामीणों ने गांव के पास खंडहर पड़े पंचायत घर के भीतर एक गुलदार देखा। इसकी सूचना फैलते ही वहां लोगों का जमावड़ा लग गया, लेकिन गुलदार बाहर नहीं निकल पाया।
सूचना पर पटवारी प्यार सिंह चौहान ने वन विभाग की टीम को जानकारी दी। वन क्षेत्राधिकारी बलवीर शाह ने बताया कि भीतर काफी अंधेरा होने से स्पष्ट पता नहीं चल पा रहा है, लेकिन संभवता जंगल में आग से बचने के दौरान गुलदार गिर कर घायल हो गया होगा। गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा मंगाया है।
कमरे के बाहर लगाया पिंजरा
सूचना पर नायब तहसीलदार पूरण सिंह चौहान भी मौके पर पहुंचे। कमरे के बाहर पिंजरा लगाया गया है, लेकिन गुलदार पकड़ में नहीं आया है। उधर, उत्तरकाशी में रविवार को गाजणा क्षेत्र में रातलधार के जंगल में लगी आग में घायल हुआ एक गुलदार बड़ेथ गांव के पंचायत भवन में जा घुसा।
ग्रामीणों ने उसे पंचायत भवन में ही कैद कर वन विभाग को इसकी सूचना दी। समाचार लिखे जाने तक गुलदार कमरे में ही कैद है। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम घायल गुलदार को पिंजरे में पकड़ने की कोशिश में जुटी है।