देहरादून के विकासनगर क्षेत्र में नहर में नहाने उतरे एक ही स्कूल के तीन छात्र तेज बहाव में बह गए। इनमें एक छात्र तो किसी तरह किनारे आ गया, लेकिन दो बहाव से खुद को बचा नहीं सके।
पुलिस ने दोनों छात्रों के शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। छात्रों की मौत से घर में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दोनों गुरु नानक मिशन इंटर कॉलेज विकासनगर के छात्र हैं।
जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह तीन छात्र साइकिल से शक्ति नहर पुल नंबर दो पर पहुंचे। जहां वे नहाने के लिए नहर में उतर गए। नहाते समय उनका दम फूलने लगा। संजय गौड़ (14) निवासी डिमिच हाल निवासी चिरंजीपुर किसी तरह बाहर निकल गया।
बचने की कोशिश की पर तैरते-तैरते थक गए
संजय ने आवाज लगाकर डूब रहे अपने साथी विशेष रावत उर्फ मनीष (16) पुत्र मोहन सिंह निवासी गांवखेत कैंपटीफॉल टिहरी गढ़वाल और मुकुल (14) पुत्र रामानंद निवासी डांडा चिरंजीपुर को हिम्मत जुटाते रहने को कहा, लेकिन धीरे-धीरे दोनों का दम फूलने लगा। उन्होंने हाथ पांव मारने छोड़ दिए।
पहले विशेष डूबा और करीब 100 मीटर आगे मुकुल भी तेज बहाव में लापता हो गया। घटना की जानकारी संजय गौड़ ने आसपास के लोगों को दी। सूचना पर पहुंचे सीओ स्वप्न किशोर सिंह ने घटना स्थल का निरीक्षण किया।
देर शाम तक दोनों छात्रों के शव बरामद कर लिए गए। सीओ ने बताया कि मृत दोनों छात्र हल्का-फुल्का ही तैरना जानते थे। विशेष अपने मामा बचन सिंह पुंडीर के यहां रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह 11वीं का छात्र था। मुकुल आठवीं का छात्र था। बताया जाता है कि अभिभावक बैठक होने से तीनों स्कूल नहीं गए।
नहर में उतरने को किया था मना पर नहीं माने
प्रत्यक्षदर्शी किशोर शेखर निवासी लाइन जीवनगढ़ ने बताया कि उसने नहर के तेज बहाव को देखते हुए छात्रों को नहर में उतरने से मना किया था, लेकिन तीनों नहीं माने और नहाने के लिए तेज धारा में उतर गए।
दोस्तों को बचा न पाने का मलाल
संजय गौड़ को अपने साथी दोस्तों के न बचने का मलाल है। उसने दोनों को बचाने का खूब प्रयास किया, लेकिन तेजधारा के आगे उसकी नहीं चली। उसकी आंखों के सामने ही दोनों दोस्त जल धारा में समा गए। दोस्तों के बारे में पूछे जाने पर संजय कई बार फफक-फफक कर रो पड़ा। नहाने गए कुछ और साथियों का भी यही हाल है।