हरिद्वार के झबरेड़ा क्षेत्र के इकबालपुर में एक ओवरलोड ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। शरीर के एक हिस्से पर ट्रक का पहिया गुजरने पर बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पीछे बैठे दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाते हुए ट्रक कब्जे में ले लिया। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
कलियर सटे बेड़पुर गांव निवासी मेहरबान बृहस्पतिवार को परिवार के इस्माइल व शराफत के साथ झबरेड़ा गया था। वापसी के दौरान इकबालपुर में चीनी मिल के पास एक ओवरलोड ट्रक ने पीछे से उन्हें टक्कर मार दी।
लड़खड़ाकर गिरने पर बेकाबू ट्रक मेहरबान के एक हाथ पांव समेत शरीर के एक हिस्से पर गुजर गया। जिससे 35 वर्षीय मेहरबान ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद भीड़ के बावजूद ड्राइवर अपना ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल इस्माइल व शराफत को तत्काल सिविल अस्पताल रुड़की भिजवाया। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया। सूचना पर बेडपुर से परिजन रोते बिलखते सिविल अस्पताल रुड़की पहुंचे।