राजधानी व मसूरी में झमाझम बारिश से जहां जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया, वहीं तेज हवाओं के चलते राजपुर रोड और मसूरी रोड पर दो वाहनों पर भारी पेड़ गिर गए, जिससे दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
रविवार को शाम पांच बजे दो भारी भरकम पेड़ सड़क पर गिरने से यातायात भी बाधित हो गया। हादसे की जानकारी पर पुलिसकर्मी और एसडीआरएफ के जवान मौके पर पहुंचे और दोनों गाड़ियों में फंसे परिवार और अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। साथ ही पेड़ों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया। वहीं, बारिश से कई इलाकों में ट्रांसफार्मर फुंकने और बिजली लाइनों के जंफर उड़ने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। राजपुर रोड, जाखन, करनपुर, डालनवाला, घंटाघर, इसी रोड, बसंत विहार, माजरा, आईएसबीटी, हरिद्वार बाईपास, कारगी चौक, जोगीवाला, किशन नगर, राजेंद्रनगर, चकराता रोड, कौलागढ़ समेत कई अन्य इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही।
आपूर्ति बाधित होने से शहरियों को परेशानियों का भी सामना करना पड़ा। सबसे अधिक दिक्कत जलापूर्ति को लेकर हुई। बिजली आपूर्ति बाधित होने से जलसंस्थान के ट्यूबवेल नहीं चल पाए, जिसके चलते लोगाें को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ा। बारिश थमने के साथ ही बिजली लाइनों में आई खामियों को दूर कर आपूर्ति बहाल कराई। राजपुर थाना प्रभारी मोहन सिंह ने बताया कि पेड़ गिरने से कोई जख्मी नहीं हुआ और पेड़ोें को हटाकर यातायात बहाल करा दिया गया।