आल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के आह्वान पर सोमवार को देहरादून ट्रक ऑपरेटर एसोसिएशन और देहरादून ट्रांसपोर्ट नगर समिति ने हड़ताल कर दी। इसके चलते दून में करीब 2500 ट्रकों के चक्केजाम हो गए।
ट्रांसपोर्टर ने प्रदेश और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर डीजल पर जीएसटी लगाने और इंश्योरेंस के प्रीमियम में हर साल होने वाली बढ़ोतरी पर भी अंकुश लगाने की मांग की है।
देहरादून ट्रक ऑपरेटर एसोसिएशन के आह्वान पर सोमवार को देहरादून, सेलाकुई और डोईवाला में करीब 2500 ट्रकों के पहिए थम गए। देहरादून ट्रक ऑपरेटर एसोसिएशन के अध्यक्ष हरभजन सिंह मान के नेतृत्व में ट्रांसपोर्टर सोमवार सुबह 10 बजे ट्रांसपोर्ट नगर में एकत्र हुए थे।
इस मौके पर महामंत्री अशोक ग्रोवर ने कहा कि ट्रांसपोर्टरों को जीएसटी के दायरे से बाहर रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि अलग-अलग राज्यों में डीजल के अलग-अलग रेट हैं। जीएसटी लगने के बाद सभी जगह मूल्य एक हो जाएगा, लेकिन सरकार की ओर से ऐसा नहीं किया जा रहा है। इसके चलते माल का भाड़ा बढ़ रहा है। इतना ही नहीं हर साल इंश्योरेंस का प्रीमियम बढ़ा दिया जाता है।
इसका भी अतिरिक्त भार पड़ रहा है। ट्रांसपोर्टरों ने भार वाहनों को चेक करने की अथॉरिटी बनाने की भी मांग की। मांगें जल्द पूरा न होने पर ट्रांसपोर्टरों ने बड़े स्तर पर आंदोलन की चेतावनी दी। इस मौके पर जसवीर सिंह, योगेश, सुरजीत सिंह, अनिल शर्मा, दलबीर सिंह, गुलजार सिंह, दिलावर सिंह, अनिल चौधरी, राजेंद्र समेत तमाम ट्रांसपोर्टर मौजूद रहे।