केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरण रिजिजू ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल और टीएचडीसी के अधिकारियों को जनता की परेशानी को देखते हुए टिहरी डैम टॉप से वाहनों की आवाजाही शाम छह बजे से बढ़ाकर रात आठ बजे तक करने के निर्देश दिए हैं।
टिहरी जल विद्युत परियोजना के सामाजिक दायित्व मद की अधिकतम धनराशि का उपयोग टिहरी संसदीय क्षेत्र के अंर्तगत बांध प्रभावित गांवों में खर्च करने को कहा है। बुधवार सुबह केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने टिहरी डैम का निरीक्षण करते हुए विद्युत उत्पादन की जानकारी ली। पठानकोट आतंकी घटना को देखते हुए उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
धनराशि का हो उपयोग
बीपुरम टीएचडसी गेस्ट हाउस में केंद्र पोषित योजनाओं की समीक्षा बैठक लेते हुए केंद्रीय गृह राज्य मंत्री रिजिजू ने कहा कि जिन कार्यों के लिए धनराशि आवंटित की गई है, वो योजनाएं धरातल पर दिखनी चाहिए।
सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने टिहरी डैम टॉप से रात आठ बजे तक वाहनों के आवाजाही जारी रखने का अनुरोध किया, जिस पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने सीआईएसएफ के डिप्टी कमांडेट सुरेंद्र कुमार को सुरक्षा व्यवस्था की पड़ताल करते हुए रात आठ बजे तक डैम टॉप से वाहनों का आवागमन जारी रखने को कहा।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण, सीडीओ डॉ. अहमद इकबाल, महाप्रबंधक टीएचडीसी स्टेज प्रथम के महाप्रबंधक मोहरमणि, जीएम प्रोजेक्ट ओएस मौर्य आदि उपस्थित थे।