जौलीग्रांट से वंदना कटारिया सीधे रोशनाबाद स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंची। जहां वंदना कटारिया का जोरदार स्वागत किया गया। यहां उनका खेल विभाग के अधिकारियों और हॉकी खिलाड़ियों की ओर सम्मान किया गया। स्टेडियम से वंदना अपने गांव पहुंचीं और मां के देखकर भावुक हो गईं। बताया गया कि वंदना दो दिन तक हरिद्वार में ही रहेंगी और उसके बाद कई कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए दिल्ली रवाना हो जाएंगी।
रोशनबाद गांव निवासी भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी वंदना कटारिया ने टोक्यो ओलंपिक में हैट्रिक लगाकर इतिहास रच दिया। तब से वंदना कटारिया के हरिद्वार पहुंचने का इंतजार हो रहा था। वंदना सुबह 9:30 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर एयर इंडिया के विमान से पहुंचीं।
जिला क्रीड़ा अधिकारी एसके डोभाल ने बताया कि स्वागत समारोह के बाद वंदना अपने घर चलीं गईं। वंदना कटारिया ने फोन पर वार्ता में बताया कि 14 अगस्त से दिल्ली में प्रस्तावित कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए वह फिर से दिल्ली लौट जाएंगी।
गांव में हुई सफाई, लाइट भी लगी
वंदना कटारिया के स्वागत के लिए गांव में साफ-सफाई की गई। निवर्तमान ग्राम प्रधान कविता पाल व उनके पति मुकेश पाल और ग्राम पंचायत अधिकारी अनुराग चौहान ने बताया कि पूरे गांव में साफ-सफाई करा दी गई है। उन्होंने बताया कि वंदना के मोहल्ले में 15 एलईडी लाइटें भी लगवा दी गई हैं।