देहरादून- 335
हरिद्वार- 229
नैनीताल- 22
अल्मोड़ा- 13
बागेश्वर- 9
चमोली- 3
चंपावत- 6
पौड़ी- 30
पिथौरागढ़- 8
टिहरी- 18
ऊधमसिंह नगर- 73
उत्तरकाशी - 2
एक बार फिर कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दूनवासियों ने बाजारों को रात आठ बजे के बाद बंद करने की मांग की है। साथ ही कहा कि धार्मिक, सार्वजनिक और राजनीतिक आयोजनों पर लोगों की संख्या सीमित रखने के लिए गाइडलाइन जारी की जाए।
दूनवासियों ने कहा बीते कुछ दिनों से उत्तराखंड में भी कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में एक बार फिर लॉकडाउन की स्थिति न बने इसके लिए सरकार और प्रशासन को समय रहते कदम उठाने होंगे। लॉकडाउन से बचने के लिए सोशल डिस्टेंस के नियमों को पालन करना जरूरी है।
कोरोना का संकट अभी टला नहीं है, लेकिन लोग लापरवाह होते जा रहे हैं। साप्ताहिक बंदी का भी कोई खासा असर नहीं दिख रहा है। ऐसे में सरकार और प्रशासन को फिर से सख्ती करनी चाहिए और रात आठ बजे के बाद बाजारों को बंद कराना चाहिए।
- गुरु प्रसाद तिवारी, गढ़ी कैंट
बाजारों में दिन प्रति दिन भीड़ बढ़ रही है। इससे कोरोना का खतरा भी बढ़ रहा है। रात आठ बजे के बाद बाजार बंद करने और साप्ताहिक बंदी से कोरोना की चेन को तोड़ा जा सकता है। सरकार और प्रशासन को इसे सख्ती से लागू करना चाहिए।
- अनिल गोयल, रायपुर
संकट के इस समय में हमें मिलकर सरकार और प्रशासन का सहयोग करना होगा, लेकिन वैक्सीन आने के बाद से लोग लापरवाह होते जा रहे हैं। बाजारों की अनावश्यक भीड़ को काबू करने के लिए सरकार को कदम उठाने चाहिए।
- ज्योति अरोड़ा, ग्रीन पार्क
कोरोना से सभी सेक्टरों को बड़ा नुकसान हुआ है। ऐसे में हम एक बार फिर बड़े नुकसान का शिकार हों, इससे पहले जागरूक होने की जरूरत है। सरकार और प्रशासन को लापरवाह लोगों पर सख्ती से कार्रवाई करनी चाहिए।
- रीता अग्रवाल, प्रीत विहार
रेल प्रशासन के तमाम प्रयासों के बावजूद यात्रियों में कोरोना संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। दून रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को निजी कंपनी के विशेषज्ञों द्वारा की गई जांच में 11 यात्री कोरोना संक्रमित पाए गए। इसमें कई बच्चे और महिलाएं शामिल हैं। संक्रमित सभी यात्रियों की जानकारी जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को दे दी गई है।
रेलवे स्टेशन पर कोरोना जांच को लेकर गठित टीम के नोडल अधिकारी सूरज पुरोहित ने बताया कि शुक्रवार को रेलवे स्टेशन पर कुल 566 यात्रियों की जांच की गई, जिसमें 11 यात्री संक्रमित पाए गए। इसी के साथ कोरोना संक्रमित यात्रियों का आंकड़ा 100 से अधिक हो गया है। कोरोना से बचाव के लिए रेलवे प्रशासन की ओर से कई एहतियाती कदम उठाए हैं। मुख्य वाणिज्य निरीक्षक एसके अग्रवाल ने बताया कि ट्रेनों को सैनिटाइज कराने के साथ ही यात्रियों के हाथों को भी सैनिटाइज कराया जा रहा है।
केंद्रीय अकादमी राज्य वन सेवा, ओएनजीसी के बाद अब कोरोना ने राजाजी टाइगर रिजर्व में भी दस्तक दे दी है। टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। टाइगर रिजर्व निदेशक डीके सिंह के निर्देश पर सभी अधिकारियों और वनकर्मियों का कोरोना टेस्ट कराया जा रहा है।
टाइगर रिजर्व निदेशक ने कोरोना संक्रमण रोकने के लिए केंद्र और राज्य सरकार की ओर से जारी गाइडलाइन का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जो भी पर्यटक दूसरे राज्यों से आ रहे हैं, उनकी आरटीपीसीआर रिपोर्ट की जांच की जाए। रिपोर्ट नेगेटिव पाए जाने पर ही टाइगर रिजर्व में प्रवेश दिया जाए।
कहा कि जिन गाड़ियों पर पर्यटक सफारी करते हैं उनको सैनिटाइज कराया जाए। बताया कि अभी टाइगर रिजर्व को पर्यटकों के लिए खोलकर रखा गया है। यदि कोरोना संक्रमण बढ़ता है और राज्य सरकार व वन मुख्यालय की ओर से इस संबंध में कोई आदेश जारी किया जाता है तो उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।