देहरादून। एसबीएफसी गोल्ड लोन कंपनी एक व्यापारी का गिरवी सोना नहीं लौटा रही है। जबकि, व्यापारी सारा पैसा चुकाने को तैयार हैं। कंपनी के अनुसार उन्होंने यह सोना नीलाम कर दिया है। साढ़े तीन करोड़ रुपये के मामले में व्यापारी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मिक्की सनहोत्रा निवासी आर्य समाज रोड, सर्राफा बाजार ने शिकायत की है। उन्होंने प्रिंस चौक स्थित एसबीएफसी गोल्ड लोन कंपनी से करीब साढ़े तीन करोड़ का सोना जमा कर लोन लिया था। इससे पहले भी कई बार सोना गिरवी रख वह पैसा ले चुके हैं। बाद में पैसा जमा करने के बाद कंपनी सोना वापस कर देती थी। इस बार कंपनी ने सोना नहीं दे रही है। जबकि वह पैसा चुकाने के लिए तैयार हैं। सनहोत्रा ने बताया कि कंपनी ने उनसे कहा है कि उन्होंने सोना नीलाम कर दिया है। जबकि, नियमानुसार ऐसा नहीं होता है। यदि कोई पैसे वापस नहीं करता है तो कंपनी उसके गिरवी सोने के बारे में नीलामी का विज्ञापन जारी कराती है। इस मामले में कंपनी की ओर से ऐसा कुछ नहीं किया गया। कोतवाली पुलिस ने कंपनी में कार्यरत गौरव जैन आदि के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।