हरिद्वार हाईवे पर आए गुलदार को देख चालक ने ब्रेक लगाए तो टैंपो बेकाबू होकर पलटा और काफी कुछ दूर तक घिसटता चला गया।इस हादसे में टैंपो सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हड़बड़ाकर भागा गुलदार भी दूसरी तरफ से आ रहे अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। उसकी भी वहीं मौत हो गई।
हादसा हरिद्वार हाईवे पर पर खांडगांव रायवाला के पास हुआ। सोमवार रात नौ बजे विक्रम चालक आनंद (25) पुत्र ओमप्रकाश निवासी शांति नगर ऋषिकेश विक्रम में करीब छह सवारी लेकर हरिद्वार की ओर जा रहा था। खांडगांव रायवाला के पास विक्रम के आगे अचानक गुलदार आ धमका। गुलदार को बचाने के लिए जैसी ही उसने ब्रेक मारा विक्रम सड़क पर पलट गया। इससे मौके पर विक्रम में सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। शव को रायवाला पुलिस ने एम्स की मोर्चरी में रखवा दिया है।
दुर्घटना विक्रम चालक समेत सवारियों को भी चोटें आई हैं। जिन्हें उपचार के लिए एम्स में भर्ती किया गया है। वाहन में बैठे यात्रियों ने बताया कि विक्रम को अचानक सामने देखकर गुलदार भी हड़बड़ाकर भागा लेकिन हरिद्वार की ओर आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। गुलदार की भी मौके पर ही मौत हो गई।
टक्कर के बाद फ्लाइओवर से गिरा बाइक सवार, मौत
देहरादून के बल्लूपुर फ्लाइओवर पर एक बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार नीचे सड़क पर आ गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। घटना सोमवार तड़के करीब 5:30 बजे हुई। मृतक की पहचान राजदेव निवासी तिवाड़ी सहसपुर के रूप में हुई। जानकारी के मुताबिक राजदेव नगर निगम की कूड़ा उठाने वाली कंपनी एमएसडब्ल्यू में काम करता था। सुबह के समय वह अपने घर से नगर निगम जा रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि राजदेव नीचे सड़क पर आ गिरा। वहां से गुजर रहे एक युवक ने उसे देखा तो वह तब तक जिंदा था। उन्होंने एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन एंबुलेंस के आने से पहले ही उसकी सांसें थम गईं। एंबुलेंस के जरिए उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसएसआई कैंट राकेश शाह ने बताया कि अभी तक मृतक के परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं आई है।