नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश आरएस चौहान के आगमन के बाद उनके सम्मान में मुख्य न्यायाधीश कोर्ट में फुल कोर्ट रिफरेंस करवाया गया। नए मुख्य न्यायाधीश (सीजे) राघवेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि आम आदमी को सस्ता व सुलभ न्याय दिलाना और रूल ऑफ लॉ की धारणा को साकार करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। इस मौके पर वरिष्ठ न्यायमूर्ति सुधांशु धूलिया, महाधिवक्ता एसएन बाबुलकर व बार अध्यक्ष ने कहा कि कहा कि नए मुख्य न्यायाधीश के नेतृत्व में उत्तराखंड हाईकोर्ट को नई पहचान मिलेगी।
मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि हाईकोर्ट की बेहतरी के लिए बार व बेंच के बीच खुला संवाद स्थापित होगा। मुख्य न्यायाधीश चौहान को गुरुवार को देहरादून में राज्यपाल बेबीरानी मौर्य ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। जिसके बाद वह कार्यभार ग्रहण करने हेलिकॉप्टर से नैनीताल पहुंचे। मुख्य न्यायाधीश का पदभार ग्रहण करने के बाद उनके स्वागत में आयोजित फुल कोर्ट रिफरेंस को संबोधित करते हुए सीजे राघवेंद्र चौहान ने कहा कि वे संस्कृति, कला व इतिहास की भूमि राजस्थान से कृष्णा, कावेरी की भूमि कर्नाटक व आंध्र प्रदेश से अब देवभूमि उत्तराखंड आए हैं और इन अनुभवों के सहारे आम आदमी में विधि का शासन होने का एहसास कराएंगे।
फुल कोर्ट रिफरेंस का संचालन रजिस्ट्रार जनरल धनंजय चतुर्वेदी ने किया। इस मौके पर न्यायमूर्ति लोकपाल सिंह, न्यायमूर्ति मनोज तिवारी, न्यायमूर्ति शरद कुमार शर्मा, न्यायमूर्ति एनएस धानिक, न्यायमूर्ति आरसी खुल्बे, न्यायमूर्ति रवींद्र मैठाणी, न्यायमूर्ति आलोक वर्मा के अलावा शासकीय अधिवक्ता गजेंद्र सिंह संधु, मुख्य स्थायी अधिवक्ता चंद्रशेखर रावत, वरिष्ठ अधिवक्ता अवतार सिंह रावत, बीवीएस नेगी, एमसी कांडपाल, एमसी पांडे, असिस्टेंट सॉलिसिटर जनरल राकेश थपलियाल, राजेंद्र डोभाल, अमर शुक्ला, बीएम पिंगल, शिवांगी गंगवार, सोनिया चावला, सौरभ पांडे, विनोद जोशी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता, न्यायिक व अन्य अधिकारी मौजूद थे।
हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायमूर्ति सुधांशु धूलिया का स्थानांतरण
उत्तराखंड हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायमूर्ति सुधांशु धूलिया का स्थानांतरण गुवाहाटी हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पद पर कर दिया गया है। राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय के संयुक्त सचिव राजेंद्र कश्यप के हस्ताक्षरों से जारी स्थानांतरण आदेश नैनीताल हाईकोर्ट पहुंच गया है।
न्यायमूर्ति धूलिया का जन्म 10 अगस्त1960 को हुआ। उनकी शिक्षा देहरादून, इलाहाबाद व लखनऊ में हुई है। एमए इतिहास से करने बाद उन्होंने 1986 में इलाहाबाद से लॉ की डिग्री हासिल की और इलाहाबाद हाईकोर्ट में प्रैक्टिस शुरू कर दी। उत्तराखंड बनने के बाद वे नैनीताल हाईकोर्ट आ गए और उत्तराखंड के पहले मुख्य स्थायी अधिवक्ता बने।
उन्हें उत्तराखंड हाईकोर्ट में अपर महाधिवक्ता के पद पर भी तैनात किया गया। जस्टिस धूलिया 2004 में सीनियर अधिवक्ता मनोनीत हुए।1 नवंबर 2008 को वे उत्तराखंड हाईकोर्ट में जज के पद पर नियुक्त हुए। जस्टिस धूलिया के गुवाहाटी हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बनने पर हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं में खुशी है। उन्होंने उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।