उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से अन्य विभागों के कोरोना वारियर्स की तर्ज पर शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को भी प्रोत्साहन राशि देने की मांग की है। इस बाबत उक्रांद नेता शिवप्रसाद सेमवाल ने मुख्यमंत्री को पत्र भी लिखा है।
उक्रांद कार्यालय में पत्रकार वार्ता में सेमवाल ने कहा कि कोरोना काल में मैदान में उतरकर कोरोना वारियर की भूमिका का निर्वाह करने वाले शिक्षक और शिक्षा विभाग के अन्य कर्मचारियों की किसी ने अभी तक सुध नहीं ली। उक्रांद नेता सुमन बडोनी ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान शिक्षकों और शिक्षा विभाग के अन्य कर्मचारियों की सेवाओं की अनदेखी नहीं किया जा सकती है। उक्रांद नेता प्रमोद डोभाल ने कहा कि कोरोना काल में जान जोखिम में डालकर ड्यूटी करने वाले शिक्षकों को कोरोना वारियर्स तो कहा गया, लेकिन प्रोत्साहन राशि दिए जाने के समय भुला दिया गया। सरकार ने कई विभागों के कर्मचारियों के लिए एकमुश्त प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है। ऐसे में शिक्षक व शिक्षा विभाग के कर्मचारियों के बारे में भी सोचना चाहिए। पत्रकार वार्ता में दल के युवा मोर्चा की जिलाध्यक्ष सीमा रावत और मंडल अध्यक्ष प्रमोद डोभाल भी मौजूद रहे।