दून में ठगी के मामले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। सोमवार शाम ठगों ने सस्ते में डॉलर बेचने का झांसा देकर ऋषिकेश की एक ट्रैवल एजेंसी के मालिक से 3 लाख 10 हजार ठग लिए।
एसपी सिटी श्वेता चौबे ने बताया की ऋषिकेश निवासी और ट्रैवल एजेंसी के मालिक सीपी अग्रवाल का ऑफिस राजपुर रोड पर है। सोमवार को उनका बेटा यम अग्रवाल ऑफिस में था। इसी दौरान तीन लोग उसके पास पहुंचे और उन्होंने सस्ते में डॉलर बेचने की बात कही।
दोनों पक्षों के बीच सौदा तीन लाख दस हजार रुपये में तय हुआ। पीड़ित पक्ष का दावा है कि तीन आरोपी कुछ देर में डॉलर लेकर आने का वादा कर रकम लेकर वहां से चले गए। काफी देर बाद भी वह नहीं लौटे तो यम अग्रवाल को ठगी का अहसास हुआ।
सूचना मिलने पर एसएसपी निवेदिता कुकरेती मौके पर पहुंचीं और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। एसपी सिटी के अनुसार मामले में तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
बता दें कि इसी माह एक पूर्व मुख्यमंत्री के करीबी दीवान सिंह से डॉलर बेचने के नाम पर कई लाख रुपये ठग ले गए थे। इस मामले में पुलिस ने तीन महिलाओं समेत चार लोगों को जेल भेज दिया था।