अनियंत्रित मोटरसाइकल के बिजली के खंभे से टकराने से बीएफआईटी के एक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सिनर्जी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिलाधिकारी के आदेश पर छात्र का पार्थिव शरीर बिना पोस्टमार्टम के परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
सहारनपुर के द्वारिकापुरी निवासी सार्थक शर्मा सुद्धोवाला स्थित हॉस्टल में रहकर बीएफआईटी से एमएससी कर रहा था। बृहस्पतिवार रात को सार्थक यूनिवर्सिटी ऑफ पेट्रोलियम एंड एनर्जी स्टडीज (यूपीईस) में एमबीए के छात्र रितेश राय के साथ मोटरसाइकिल पर प्रेमनगर स्थित लॉ कालेज के पास से निकल रहा था। उस समय बाइक ओवर स्पीड थी।
संतुलन बिगड़ा तो बाइक सीधे बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सार्थक शर्मा को मृत घोषित कर दिया।
बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजन तड़के यहां पहुंच गए। जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन के आदेश पर सार्थक का शव बिना पोस्टमार्टम के परिजनों को सौंप दिया गया।