एसएसपी ने पटेलनगर के एक दारोगा की रिश्वत को कैमरे में कैद किए जाने के मामले में जांच का आदेश दिया है।
अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली
सीओ सदर को यह जिम्मेदारी दी गई है। हालांकि इस मामले में अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शहर के शक्ति इन्क्लेव के दो कारोबारियों में लेनदेन का विवाद चल रहा है।
एक माह पहले दोनों पक्षों में मारपीट हो गई थी। पुलिस ने तीन दिन पूर्व क्रास मुकदमा दर्ज किया है। इस बीच मोबाइल पर किसी ने पटेलनगर के एक दारोगा के रिश्वत लेने की तस्वीर कैमरे में कैद कर ली।
वीडियो क्लिप मीडिया को जारी
यह स्टिंग किसने किया, यह पता नहीं चला है। लेकिन एक वीडियो क्लिप मीडिया को जारी कर दी गई। इसमें दारोगा का चेहरा नजर नहीं आ रहा है। ऐसे में पुलिस में दिनभर कयास लगते रहे कि यह दारोगा आखिर है कौन।
इस बीच एसएसपी अजय रौतेला ने स्टिंग को गंभीरता से लेते हुए सीओ सदर को जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि यह जांच मीडिया में आई खबरों के आधार पर कराई जा रही है।
न तो किसी ने उनसे लिखित में शिकायत की है और न ही कोई क्लिपिंग उपलब्ध कराई है।