देहरादून। रुड़की में जान से मारने की नियत से खुलेआम फायरिंग करने के आरोपी को एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था। मामले में पांच आरोपी पहले गिरफ्तार किए जा चुके हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी एसटीएफ ने बताया कि विक्रांत पुंडीर निवासी काशीपुर गंगनहर हरिद्वार पर जानलेवा हमला किया गया था। 30 जनवरी को भल्ला ढाबे पर वह अपने साथियों के संग बैठे थे। उस वक्त आरोपी पीयूष वर्मा, अर्पित, सहदेव और गौरव शर्मा सहित अन्य ने खाना खाने के दौरान कहासुनी होने पर मारपीट की। इसके बाद उन पर फायर झोंक दी। विक्रांत पुंडीर की शिकायत पर सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने पीयूष वर्मा निवासी पुरानी तहसील रुड़की, अंकुश सैनी निवासी डांडा जलालपुर थाना भगवानपुर, निशांत उर्फ सहदेव निवासी पनियाला गंगनहर रुड़की, सन्नी चौधरी निवासी रामनगर रुड़की और गौरव शर्मा निवासी कमालपुर थाना फतेहपुर जिला सहारनपुर उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया था।
इस मामले में आरोपी अर्पित निवासी श्यामसुंदरी शहर, जगादरी, यमुनानगर हरियाणा फरार चल रहा था। गत 28 सितंबर को डीआईजी रेंज ने उस पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। सुराग मिलने पर बृहस्पतिवार को इंस्पेक्टर प्रदीप राणा की टीम ने इनामी अर्पित को बसंत विहार थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। अन्य राज्यों में दर्ज अपराधों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।