गंगनहर कोतवाली पुलिस के पास बृहस्पतिवार को अजीबोगरीब मामला पहुंचा। एक महिला ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा इंटर में पढ़ रहा है। उसकी जिद पर कुछ दिन पहले स्मार्टफोन खरीदकर दिया था।
तभी से उसका ध्यान पूरी तरह से पढ़ाई से हटकर मोबाइल पर पहुंच गया है। महिला ने बताया कि वह फेसबुक और व्हाट्सअप पर चैट करता रहता है। इतनी रात तक मोबाइल पर बात करने पर उसे कई बार डांट भी लगाई, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है।
महिला ने बताया कि एक दिन वह मोबाइल पर गंदी मूवी देख रहा था, जिसे लेकर उसकी पिटाई भी थी, लेकिन वह लगातार मोबाइल पर गंदी मूवी देखने से बाज नहीं आ रहा है।
उससे मोबाइल छीनने का प्रयास किया तो वह धमकी देने लगा कि घर से कहीं चला जाएगा।
महिला ने बताया कि बेटे की हरकतों से वह परेशान हो चुकी है। महिला ने पुलिस से बेटे को डांट लगाकर यह हरकत छुड़वाने की गुहार लगाई। महिला की बात सुन पुलिसकर्मी भी हैरत में पड़ गए।
महिला की बात सुनने के बाद पुलिस ने खुद ही या रिश्तेदारों से बेटे को समझाने की बात बोलकर उसे घर भेज दिया। कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि महिला को खुद ही अपने बेटे को समझाने की बात कही गई है।