उत्तराखंड के खटीमा से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां एक कलयुगी बेटे ने पीट-पीटकर अपने पिता की जान ले ली, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल का अस्पताल में इलाज चल रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
खटीमा में पारिवारिक कलह के चलते श्रीपुर बिचवा में कलियुगी बेटे ने माता-पिता को डंडे से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बुजुर्ग पिता की मौत हो गई, जबकि मां की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन
बृहस्पतिवार देर रात श्रीपुर बिचवा के 70 वर्षीय धर्म सिंह बोरा की अपने बेटे लक्ष्मण सिंह बोरा के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि लक्ष्मण ने अपने पिता को डंडे से पीटना शुरु कर दिया, जिसमें उनके सिर पर गंभीर चोट लग गई।
बीच- बचाव करने पहुंची मां भवानी देवी को भी आरोपी बेटे ने डंडे से पीट दिया। आसपास के लोगों ने दोनों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने धर्म सिंह बोरा को मृत घोषित कर दिया। घायल भवानी देवी का इलाज चल रहा है। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने हत्यारोपी लक्ष्मण सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
विज्ञापन
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि लक्ष्मण नशे का लती है। वह अक्सर अपने घर में मारपीट करता रहता है। उसके दो छोटे जुड़वा भाई भी हैं। सीओ बीएस भंडारी ने बताया कि इस मामले में मृतक के दूसरे बेटे श्याम सिंह बोरा की तहरीर पर लक्ष्मण सिंह बोरा के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।