फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंडः चोटियों पर हिमपात, शीतलहर ने कंपाया

Fri, 23 Jan 2015 02:37 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, गढ़वाल, देहरादून
विज्ञापन
विज्ञापन
गढ़वाल में बारिश और बर्फबारी का सिलसिला बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। बदरीनाथ, केदारनाथ धाम, गंगोत्री, यमुनोत्री क्षेत्र समेत ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात के चलते कड़ाके की ठंड से लोग बेहाल रहे। पहाड़ों पर शुक्रवार को भी बारिश और बर्फबारी के पूरे आसार हैं।
विज्ञापन


राज्य मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार विशेष रूप से उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों में वर्षा और बर्फबारी हो सकती है। तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में एक से पांच सेंटीमीटर तक बर्फ पड़ सकती है।

इस बीच, बर्फीले तूफान और हिमस्खलन की चेतावनी के मद्देनजर पर्वतीय जिलों में प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। गृहमंत्रालय की ओर से 21, 22, 23 के लिए चेतावनी जा की गई है।
विज्ञापन


उत्तरकाशी जिले में हिमाचल की सीमा से लगे सांकरी, हरकीदून, ओसला के अलावा कई गांवों में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। यमुना के शीतकालीन पड़ाव खरसाली गांव और यमुनोत्री क्षेत्र में गीठ वजरी पट्टी के छह से ज्यादा गांवों में भी जमकर बर्फबारी हुई है। सांकरी-जखोल, सांकरी-तालुका तथा सुक्की टॉप से आगे गंगोत्री हाईवे पर बर्फ की मोटी परत बिछ गई है।

बदरीनाथ, केदारनाथ में भारी हिमपात, रास्ते बंद

चमोली जिले में बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब और रुद्रनाथ में करीब एक फीट और औली, गोरसों बुग्याल, मोहनखाल व निजमुला घाटी में तीन इंच तक बर्फ जमी है। बदरीनाथ राजमार्ग पर हनुमान चट्टी से आगे बर्फबारी के कारण आवागमन बाधित है। हनुमान चट्टी स्थित पुलिस चौकी भी बर्फ से घिर गई है।

बारिश और बर्फबारी को देखते हुए चमोली में 23 और 24 जनवरी को माध्यमिक स्तर तक के विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है।

रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ के अलावा जखोली और ऊखीमठ तहसील में पहाड़ियों पर हिमपात से निचले इलाकों में तेज शीत हवाएं चल रही हैं। चोपता-दुगलबिट्टा, देवरियाताल, मद्महेश्वर, हरियाली डांडा सहित कई ऊंचाई वाले इलाके बर्फ से ढक गए हैं।

नैनीताल में मौसम का तीसरा हिमपात
सरोवर नगरी में बृहस्पतिवार को मौसम का तीसरा हिमपात हुआ। इससे पहले 14 दिसंबर 2014 और 14 जनवरी 2015 को भी बर्फबारी हो चुकी है। नगर में सुबह से हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। दोपहर बाद स्नोव्यू, किलबरी, नैनापीक, बिड़ला क्षेत्र, अयारपाटा, हिमालय दर्शन और आसपास बर्फबारी हुई।
विज्ञापन

चकराता की चोटियों पर सीजन का चौथा हिमपात

देहरादून जिले में जौनसार बावर की ऊंची चोटियों ने भी बर्फ की चादर ओढ़ ली है। बुधवार रात और बृहस्पतिवार दिन में यहां जमकर बर्फबारी हुई। दूर से ही बर्फ से लकदक चोटियां पर्यटकों को भा रही हैं। चकराता छावनी बाजार में भी बर्फ की हल्की फुहारें पड़ीं, लेकिन वह जल्द ही पिघल गई। जौनसार बावर की ऊंची चोटियों पर सीजन का यह चौथा हिमपात है।

मसूरी में कड़ाके की ठंड
पहाड़ों की रानी मसूरी दिनभर कोहरे से घिरी रही। भीषण ठंड से यहां जनजीवन प्रभावित रहा। रुक-रुककर हो रही बारिश से मालरोड पर लोगों की चहलकदमी बेहद कम रही।

देहरादून में बृहस्पतिवार को दिन के पारे में चार डिग्री और गिरावट दर्ज की गई। यह 14 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। दिन में बादलों के बीच बारिश की झड़ी रही। दोपहर बाद जाकर यह थमी। दून में शाम साढ़े पांच बजे तक 0.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें