बृहस्पतिवार सुबह से रुद्रप्रयाग और चमोली गढ़वाल के ऊंचे स्थानों में जमकर बर्फ गिरी। केदारनाथ, बदरीनाथ, हेमकुंड साहेब, रुद्रनाथ, गौरसों बुग्याल, नंदा घुंघटी और रामणी टॉप में करीब पांच घंटे बर्फबारी हुई। आसमान में छाए बादलों की सूरज के साथ आंखमिचौली होती रही।
दिन चढ़ने के साथ धाम में मौसम खराब होता रहा और प्रात: 11 बजे से हल्की बर्फबारी होने लगी, जो शाम 5.30 बजे तक होती रही। इस दौरान यात्रा तैयारियों पर भी असर पड़ा। तेज बर्फीली हवा चलने के कारण तापमान पर भी असर पड़ा। धाम में अधिकतम पारा 8 और न्यूनतम 3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इधर,रुद्रप्रयाग सहित जिले के अन्य क्षेत्रों में दोपहर तक मौसम सुहावना रहा। डेढ़ बजे के दौरान कुछ देर तेज हवाएं चली। लेकिन बाद में मौसम सामान्य हो गया।