अपने पदार्पण मैच में ही दून की बेटी स्नेह राणा ने शानदार प्रदर्शन कर अपने चयन को सही साबित कर दिया।
दाएं हाथ की इस ऑफ ब्रेक गेंदबाज ने अपनी घूमती गेंदों पर श्रीलंकाई बल्लेबाजों को खूब नचाया। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू मैच में स्नेह राणा ने पहला विकेट झटककर उपलब्धि हासिल की।
पहले मैच में झटका विकेट
विशाखापट्टनम में श्रीलंका के साथ द्विपक्षीय वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल स्नेह राणा को पहले वनडे मैच में ही प्लेइंग-11 में खेलने का मौका मिल गया।
पहले खेलने उतरी श्रीलंकाई टीम के बल्लेबाजों को बांधने में स्नेह पूरी तरह सफल रही। स्नेह ने मैच में 6 ओवर गेंदबाजी की, इसमें मात्र 7 रन खर्च कर एक विकेट चटकाने में कामयाबी हासिल की। साथ ही 4 ओवर मेडन रहे।
29वें ओवर में मिला विकेट
स्नेह को पहली सफलता के लिए 28 ओवर का लंबा इंतजार करना पड़ा। 29वें ओवर की पहली गेंद में स्नेह ने श्रीलंकाई बल्लेबाज ओयू रानासिंघे को विकेट के सामने फंसा लिया और एलबीडब्ल्यू आउट कर पहला अंतरराष्ट्रीय विकेट हासिल किया।
स्नेह की सफलता पर देहरादून में उनके कोच नरेंद्र शाह काफी खुश हैं। उन्होंने कहा कि पहले मैच में ही मौका मिलना बड़ी बात है और स्नेह ने इस फैसले को सही साबित कर दिखाया है।