उप जिला अस्पताल विकासनगर में स्वास्थ्य कर्मियों की कमी के चलते आईसीयू और एसएनसीयू बंद पड़े हैं। गंभीर मरीजों और घायलों को हायर सेंटर रेफर किया जाता है।
उप जिला अस्पताल में गंभीर नवजात को भर्ती करने के लिए एसएनसीयू (विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई) है। कोरोना महामारी के दौरान अस्पताल में आईसीयू (गहन चिकित्सा विभाग) भी बनाया गया था। एसएनसीयू में बीमार नवजातों को भर्ती नहीं किया जा रहा है जबकि जिलाधिकारी सविन बंसल ने अस्पताल प्रशासन को 15 जून तक हर हाल में इसे शुरू करने के निर्देश दिए थे। अस्पताल के दूसरे तल पर बने आईसीयू में ताले लगे हैं। यहां वेंटिलेटर, आक्सीजन कंसनट्रेटर, सिरिंज पंप, फाइव पैरा मॉनिटर आदि सभी उपकरण उपलब्ध हैं। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक नर्सिंग और तकनीकी कर्मचारियों की कमी के चलते आईसीयू व एसएनसीयू का संचालन नहीं किया जा रहा है।
सीएमएस डॉ. प्रदीप चौहान ने बताया कि मुख्यालय स्तर पर नर्सिंग कर्मचारियों की भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। स्टॉफ उपलब्ध होने के साथ 24 घंटे एसएनसीयू का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। आईसीयू के संचालन के लिए तकनीकी स्टॉफ और नर्सिंग स्टॉफ दोनों की जरूरत है। मुख्यालय को मांग भेजी जाएगी।