ईसी रोड स्थित सीएसडी के सामने से स्मार्ट सिटी का केबल चुराने के आरोप में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने रात के समय इस केबल को क्रेन के माध्यम से ट्रक में लोड करवाया और फिर बागपत ले गए। बागपत से भी इसे दिल्ली ले जाया गया, जहां से इसे बेचने की तैयारी चल रही थी। गैंग का सरगना अभी पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा है।
एसएसपी जन्मेजय खंडूरी ने बताया कि प्रसन्ना कुमार निवासी कारगी रोड ने 17 दिसंबर को एक रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया था कि उनकी कंपनी कैबकॉन इंडिया लिमिटेड भूमिगत विद्युत परियोजना का काम कर रही है। इसके लिए उन्होंने 11000 वोल्ट वाली केबल के 17 ड्रम ईसी रोड पर रखे थे। गत 15 दिसंबर को जब उन्होंने साइट का निरीक्षण किया तो इसमें से तीन ड्रम गायब थे। इनकी कीमत करीब 28 लाख रुपये है। मुकदमा दर्ज करने के बाद सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
पता चला कि एक ट्रक में इसे लोड कर ले जाया जा रहा है। एक कार उसकी अगुवाई कर रही है। इस पर पुलिस उसे खोजती हुई खेड़ा टोल प्लाजा तक पहुंच गई। यहां पर ट्रक का नंबर पता चल गया। इसके ड्राइवर की खोज हुई तो वह भी मिल गया। उससे पूछताछ की गई तो उसने बताया कि कुछ लोगों ने केबल को अपना बताया था। किसी विभाग का वह अधिकारी भी खुद को बता रहे थे। इसके लिए उन्होंने ट्रक बुक किया था। पहले वह क्रेन बुक करके लाए और फिर ट्रक पर इन केबल को लोड कराया।
केबल को उसने बागपत में छोड़ा था। पुलिस बागपत पहुंची तो वहां पता चला कि केबल वहां नहीं है। इसके बाद कार का नंबर सत्यापित कराया गया। पुलिस दिल्ली के करोलबाग पहुंच गबई। वहां गाड़ी के मालिक समेत पांच लोगों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में बताया कि उनकी गैंग का सरगना सरफराज नाम का व्यक्ति है। वह यहां से भाग गया है। केबल को भी उसी के माध्यम से बेचा जाना था। पुलिस ने सोमवार को देहरादून से भी एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया।
-----------------------
ये हुए गिरफ्तार
- चांद मोहम्मद निवासी किशनगंज, गुलाबी बाग, दिल्ली।
- जहीर अहमद निवासी फैज रोड, करोलबाग, दिल्ली
- इसरफील निवासी राजा नगर, बिहार
- शाहिद निवासी अररिया बिहार
- मनीष निवासी फैज रोड, करोल बाग दिल्ली
- जसीम निवासी अररिया बिहार
-------------
पकड़ से बाहर
- सरफराज निवासी फैज रोड, करोलबाग, दिल्ली।
- मयंक मित्तल, निवासी पालम, दिल्ली।
-----------------