सेना की फायरिंग रेंज से आकर एक गोली ग्रामीण के घर का दरवाजा भेदते हुए डायनिंग टेबल पर आ गिरी। घटना के बाद परिवार दहशत में है। ग्रामीण ने इसकी शिकायत जिला पंचायत उपाध्यक्ष से की है। अब वह इसकी शिकायत जिलाधिकारी से करेंगे।
घटना बिष्ट गांव ग्राम पंचायत के गांव चौरा की है। यहां पर प्रमोद पंवार का घर है। रविवार को परिवार के सभी लोग घर में मौजूद थे। इस दौरान उन्हें डायनिंग हॉल में कोई चीज गिरने की आवाज सुनाई दी। परिवार वाले वहां आए तो देखा कि एक गोली डायनिंग टेबल पर पड़ी हुई थी। प्रमोद पंवार ने दरवाजे पर देखा तो वहां भी एक छेद हुआ था। मालूम हुआ कि यह गोली इस दरवाजे को भेदती हुई अंदर आकर गिरी है। इसकी शिकायत उन्होंने जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्याम सिंह पुंडीर को की। पुंडीर ने बताया कि चांदमारी में सेना की फायरिंग रेंज है। यहां तीन साल पहले तक अक्सर गोलियां आ जाती थीं। लोग दहशत में रहते थे। इस पर उन्होंने उस वक्त जिलाधिकारी को शिकायत की थी। तब सेना ने अपनी फायरिंग रेंज की दीवारों की ऊंचाई बढ़ा ली थी। उसके बाद से अब यह पहली घटना है। इसकी जल्द ही वह शिकायत जिलाधिकारी से करेंगे।
हो चुकी है पशुओं की भी मौत
इस क्षेत्र में पहले इस तरह से गोलियां आना आम बात थी। कुछ साल पहले यहां पर एक घोड़े की भी मौत हो चुकी है। उस वक्त भी लोगों ने स्थानीय प्रशासन से इसकी शिकायत की थी। शिकायत के बाद आर्मी के जिम्मेदार अफसरों से मिलकर इसका हल निकाला गया था। अब भी उम्मीद है कि अफसरों की सूझ बूझ से इसका कोई हल निकाला जाए।