जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी अच्युतानन्द तीर्थ महाराज ने कश्मीर में देश के सुरक्षा बलों पर पत्थर फेंकने वालों और उनके साथ दुर्व्यवहार करने वालों की घोर निंदा की। उन्होंने कहा कि आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले राष्ट्रद्रोही नेताओं का देश से बहिष्कार होना चाहिए।
एक बयान में उन्होंने कहा कि प्रत्येक देशवासी का कर्त्तव्य है कि ऐसे देशविरोधी कार्य करने वाले आतंकवादियों का पुरजोर विरोध करें।
उन्होंने देश के सुरक्षा बलों का भी आह्वान किया कि जो नेता सुरक्षा बलों पर पत्थर फेंकने वाले देशद्रोहियों का समर्थन करते हैं उनकी सुरक्षा करने से भी शासन से अपनी असमर्थता व्यक्त करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश की कोई भी सरकार यदि ऐसे नेताओं को सुरक्षा प्रदान करती है तो सभी राजनीतिक पार्टियों को सरकार के इस फैसले का विरोध करना चाहिए।
जगद्गुरु शंकराचार्य ने देश के नौजवानों और राष्ट्र भक्तों का भी आह्वान किया कि वे भी सुरक्षा कर्मियों का मनोबल बढ़ाएं और राष्ट्र विरोधी कार्य व आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले राष्ट्रद्रोही नेताओं और आतंकवादियों के विरुद्ध पूरे देश में उनका बहिष्कार करने के लिए आंदोलन चलाएं।