डाकपत्थर स्थित ट्रंचिंग ग्राउंड में कूड़े को डंप कर विकासनगर आ रहा पालिका का एक छोटा लोडर डॉक्टरगंज के पास पत्थर से टकराकर पलट गया। इससे वाहन में सवार एक सफाईकर्मी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, दो लोग घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए लेहमन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार चालक संदीप (33) पुत्र मेहर सिंह, अनुज (20) पुत्र पिंटू और राहुल (23) पुत्र ऋषिपाल तीनों निवासी वाल्मीकि बस्ती विकासनगर छोटे लोडर पर सवार होकर कूड़े को डंप कर वापस लौट रहे थे। राहुल लोडर के डाले पर सवार था। डॉक्टरगंज के पास वाहन सड़क पर पड़े पत्थर से टकराने के बाद पलट गया। इससे राहुल डाले के नीचे दब गया।
आसपास रहने वाले लोगों ने लोडर को सीधा कर तीनों घायलों को बाहर निकाल अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने राहुल को मृत घोषित कर दिया। राहुल की मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। वह पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। दो माह पूर्व ही उसकी शादी हुई थी। वह पालिका में ठेकेदारी पर काम करता था। नगरपालिकाध्यक्ष शांति जुंवाठा और ईओ बीएल आर्य ने शोक व्यक्त किया है।