सोमवार को आरोपी बैंककर्मी विभोर चंद्र पुत्र केशव चंद्र निवासी भेल सेक्टर एक ने देहरादून में विजिलेंस कोर्ट में सरेंडर कर दिया। उसके दोस्त दूसरे आरोपी गैरी टंडन पुत्र महेश कुमार टंडन निवासी शिवालिक नगर को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी गैरी टंडन का शिवालिक नगर में टाइल्स का व्यवसाय है।
आरोपी बैंककर्मी एफडी करने या खाता खुलवाने आने वाले आमजन का विश्वास हासिल कर लेता था। इसके बाद उन्हें एफडी की कंप्यूटराइज्ड रसीद की जगह फर्जी रसीद थमा देता था।
विवेचनाधिकारी सीओ सिटी अभय प्रताप सिंह की जांच में सामने आया कि आरोपी इस पूरे फर्जीवाडे को अपनी एक डायरी में दुरूस्त भी रखता था। अगर कोई एक साल पूरा होने पर एफडी तुड़वाने आ जाता था तो वह उसे रकम दे देता था।
विवेचनाधिकारी के मुताबिक आरोपी बैंककर्मी आमजन के बैंक खातों से रकम अपने दोस्त गैरी टंडन के खाते में ट्रांसफर कर देता था, जिसका खाता उसने भेल की ब्रांच से अपनी ब्रांच में ट्रांसफर कराया था। सीओ सिटी ने बताया कि आरोपी वर्ष 2010 से 2018 तक करीब आठ साल तक गबन करता रहा।
सचेत रहें आमजन
गबन का खुलासा होने के बाद पुलिस ने भी आमजन को सलाह जारी की है। बैंक खाते का मोबाइल फोन नंबर से लिंक होना बेहद जरुरी है, ताकि रकम निकालने या जमा होने पर तुरंत मैसेज आ जाए। एफडी की हाथ से लिखी कोई रसीद नहीं होती है बल्कि कंप्यूटराइज्ड रसीद आजकल मिलती है। बैंक खाते में रकम जमा कराने से ही एफडी बनती है, सीधे एफडी नहीं बनती है।