मसूरी में मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर भले ही इस बार भी प्रशंसकों, मीडिया से दूरी बनाए हुए हों, लेकिन उनके दीदार के लिए बड़ी संख्या में लोग लालटिब्बा पहुंच रहे हैं। हालांकि, घंटों इंतजार के बाद भी सचिन की झलक न मिलने पर प्रशंसक मायूस लौटे।
सचिन के मसूरी पहुंचने के साथ ही लालटिब्बा भी सैलानियों से गुलजार हो गया है। क्रिसमस, न्यू ईयर मनाने मसूरी पहुंचे कई पर्यटक बुधवार को सचिन के आने की जानकारी मिलते ही लालटिब्बा की ओर निकल गए।
कई प्रशंसक तो सुबह से दोपहर बाद तक यहां जमे रहे, हालांकि सचिन के दीदार उन्हें नहीं हो सके। सचिन की पत्नी अंजलि जरूर दोपहर करीब 12 बजे परिजनों संग चार दुकान पहुंचीं। यहां कुछ देर टहलने के बाद सभी लौट गए।
सुरक्षा व्यवस्था चौकस
बताया जा रहा है कि होटल रूकबी मेनर में ‘न्यू ईयर पार्टी’ और संजय नारंग के नए घर डहेलिया बैंक के उद्घाटन पर देश-विदेश से सौ से अधिक नामी हस्तियों के आने की संभावना है। बालीवुड से दीपिका पादुकोण, अरशद वारसी, आस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान स्टीव वा और देश के कई बड़े उद्यमी भी यहां आने वाले हैं। मसूरी में वीवीआईपी दौरों को देखते हुए पुलिस ने लालटिब्बा और आसपास सुरक्षा व्यवस्था चौकस कर दी है।