रुड़की में ही लोन दिलाने के नाम पर दूध कारोबारी से तीन लोगों ने नकली फाइनेंस कर्मचारी बनकर ठगी कर ली। पीड़ित ने अपनी रकम मांगी तो देने से इनकार कर दिया। तहरीर के आधार पर पुलिस तीनों के मोबाइल नंबरों की जांच कर रही है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित गणेशपुर निवासी सुमित यादव ने बताया कि उन्होंने कुछ दिन पहले पंपलेट में लोन का विज्ञापन देखा था। पंपलेट पर एक फाइनेंस कंपनी का नाम और मोबाइल नंबर लिखा था। उन्होंने उस नंबर पर कॉल की तो चला कि फाइनेंस कंपनी का कार्यालय दिल्ली में है। इस पर उन्होंने बताया कि उन्हें जमीन खरीदने के लिए 80 लाख रुपये के लोन की जरूरत है। कॉल रिसीव करने वाले ने बताया कि उन्हें कुछ कागज जमा करने होंगे और लोन पास हो जाएगा।
इस बीच तीन लोग रुड़की उनसे मिलने आए और जरूरी दस्तावेज समेत एक कैंसिल चेक ले लिया। साथ ही एक माह के भीतर लोन पास होने की बात कही। वह किसी काम से बैंक गए और अपनी पासबुक चेक करवाई। पता चला कि उनके खाते से 1.80 लाख रुपये चेक के जरिये निकाले गए हैं। बैंक से चेक नंबर की जानकारी ली तो पता चला कि जो चेक उन्होंने कैंसिल करके लोन के लिए दिया था, उससे ही रकम निकाली गई है। उन्होंने तीनों के नंबर पर कॉल की, लेकिन रिसीव नहीं हुई। पीड़ित ने बुधवार को कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।