फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रुड़की: खनन माफिया ने आईआरबी जवानों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, हवाई फायर करने पर भागे आरोपी  

Fri, 05 Nov 2021 09:36 PM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मंगलौर(रुड़की)

सार

फायर की आवाज सुनते ही खनन माफिया अपनी एक बाइक को मौके पर ही छोड़कर फरार होने में कामयाब हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेने के साथ ही खनन माफिया का पीछा भी किया, लेकिन वह भागने में कामयाब हो गए।
विज्ञापन
खनन माफिया ने आईआरबी जवानों को पीटा - फोटो : सांकेतिक तस्वीर
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रुड़की में गंगनहर से खनन कर रहे माफियाओं को रोकने पहुंचे आईआरबी के जवानों को खनन माफियाओं ने दौड़ा दिया। आरोपियों ने उनके साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट कर दी। आईआरबी जवानों द्वारा हवाई फायर किया गया, जिसके बाद आरोपी भाग गए। आईआरबी जवान की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात खनन माफिया के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। 

विज्ञापन


जानकारी के अनुसार आईआरबी द्वितीय बटालियन में तैनात कांस्टेबल अर्जुन सिंह रावत ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि खनन रोकथाम के लिए चार आईआरबी के जवानों कांस्टेबल अर्जुन सिंह, दीपक भंडारी, राजकुमार कुकरेती और सेक्शन इंचार्ज, एससीपी सुनील गैरोला की ड्यूटी मोहम्मदपुर झाल स्थित सकौती घाट पर लगाई गई है। शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे वह अपने साथियों के साथ खनन की रोकथाम के लिए गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सकौती घाट पर उन्हें कुछ खनन माफिया गंगनहर से खनन करते हुए दिखाई दिए।

उनके द्वारा मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर ट्रॉली व भैंसा बुग्गी को गंगनहर से बाहर निकालने और खनन बंद करने को कहा गया। इतना सुनते ही खनन माफिया भड़क गए और उन्होंने आईआरबी के जवानों से गाली गलौज व धक्का-मुक्की शुरू कर दी। वे फावड़े और लाठी-डंडे लेकर उनके पीछे भागने लगे और उन्हें दौड़ाते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उनके द्वारा मामले की जानकारी नारसन पुलिस चौकी पर दी गई। पुलिस को मामले की जानकारी देने पर बाइक पर सवार होकर दो अज्ञात व्यक्ति आए और वहां मौजूद खनन माफिया को भड़काते हुए फिर से उनके साथ गाली गलौज व मारपीट करने लगे। खुद को खनन माफिया के बीच घिरा देख आईआरबी के जवानों ने हवा में ब्लैंक कारतिज से फायर कर दिया।
विज्ञापन


फायर की आवाज सुनते ही खनन माफिया अपनी एक बाइक को मौके पर ही छोड़कर फरार होने में कामयाब हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेने के साथ ही खनन माफिया का पीछा भी किया, लेकिन वह भागने में कामयाब हो गए। पुलिस ने पीड़ित आईआरबी जवान की तहरीर पर 20-25 अज्ञात खनन माफिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया है। कोतवाली प्रभारी प्रवीण कोश्यारी ने बताया कि आईआरबी के जवानों के साथ मारपीट करने वाले खनन माफिया की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

विज्ञापन

मोहम्मदपुर झाल पर यूपी के धमात के खनन माफियाओं का बोलबाला 

कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदपुर झाल पर इससे पूर्व भी कई घटनाएं घटित हो चुकी हैं। इसमें उत्तर प्रदेश के धमात के खनन माफिया के उत्तराखंड में आकर दबंगई दिखाने का मामला सामने आ चुका हैं। पांच वर्ष पूर्व खूनी संघर्ष माफिया ने गोली चलाकर दो युवकों को घायल कर दिया था।

शुक्रवार की सुबह इंडियन रिजर्व बटालियन (आईआरबी) के जवानों को पीटने के मामले को भी उत्तर प्रदेश के धमात के खनन माफिया से ही जोड़कर देखा जा रहा है। प्रतिवर्ष गंगनहर बंदी के दौरान गंगनहर का सीना चीर कर खनन करने काला कारोबार चलता है। गंगनहर बंदी के दौरान से ही उत्तर प्रदेश के धमात गांव के खनन माफिया सक्रिय हो जाते हैं और वह उत्तराखंड के सकौती, मोहम्मदपुर आदि गांवों के छिटपुट खनन करने वाले लोगों पर रौब गालिब करने का प्रयास करते हैं।

इसी को लेकर आए दिन खनन माफिया व पुलिस के बीच छिटपुट घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन कई बार यह घटनाएं गंभीर रूप धारण कर लेती हैं। ऐसा ही एक मामला करीब पांच वर्ष पूर्व घटित हुआ था। इसमें उत्तर प्रदेश के धमात के खनन माफिया द्वारा सकैती गांव के दो युवकों को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इसके अलावा वर्ष 2019 में भी ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर चौकी पहुंची पुलिस से भी तमंचे के बल पर खनन माफिया ट्रैक्टर ट्राली लेकर फरार हो गए थे।

दोनों ही मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया था। शुक्रवार को भी खनन माफिया ने खनन करने से रोकने पहुंचे आईआरबी के जवानों को दौड़ा-दौड़ा कर पीट दिया। इसमें भी उत्तर प्रदेश के धमात गांव के खनन माफियाओं के नाम प्रकाश में आ रहे हैं। यदि शीघ्र ही पुलिस प्रशासन ने उत्तर प्रदेश के खनन माफिया पर नकेल नहीं कसी दो आने वाले दिनों में स्थिति गंभीर होने की संभावना है।

खनन रोकने के लिए रहती है आईआरबी के जवानों की तैनाती
मोहम्मदपुर झाल पर प्रतिवर्ष आईआरबी के जवानों की तैनाती की जाती है ताकि खनन माफिया पर नकेल कसी जा सके। करीब पांच वर्ष पूर्व हुए गोलीकांड के बाद से गंगनहर बंदी से पूर्व ही खनन की रोकथाम के लिए आईआरबी के जवानों की तैनाती की जाती है।

मेरे संज्ञान में यह मामला नहीं है। यदि ऐसा है तो पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर सख्ती से कार्रवाई होगी। 
- डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, एसएसपी हरिद्वार

आरोपियों के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है। उनकी शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। इनकी शीघ्र गिरफ्तारी होगी। अगले सीजन में भारी पुलिस बल तैनात किया जाएगा। 
- पंकज गैरोला, सीओ मंगलौर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें