पुलिस और सीआईयू की टीम ने भट्ठे पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। साथ ही ईंट भट्ठे के मुंशी और काम करने वाले मजदूरों से पुलिस बाइक सवार बदमाशों के हुलिए और बाइक के बारे में जानकारी ले रही है। वहीं, पुलिस ने विपिन के घर पर दबिश दी, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया। पुलिस विपिन के परिजनों से भी पूछताछ कर रही है।
बदमाशों की धरपकड़ को बनाई चार टीम
एसपी देहात प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि हत्या में शामिल बदमाशों की तलाश के लिए चार टीमें बनाई गई हैं। चारों टीमों को जल्द ही बदमाशों को पकड़ने के निर्देश दिए हैं। साथ ही हत्या के पीछे अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों से इस मामले में जानकारी ली जा रही है।
...तो रेकी कर रहे थे बदमाश
पुलिस आशंका जता रही है कि बदमाश अजय मलिक की रेकी कर रहे थे। उन्हें अजय मलिक के भट्ठे पर आने के समय की भी पूरी जानकारी थी। यही वजह है कि उनके भट्ठे पर पहुंचने के कुछ देर बदमाश पहुंचे और गोली मारकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, पुलिस को आशंका है कि हत्या करने वाले बदमाश शार्प शूटर रहे होंगे, जिसके चलते उन्होंने एक गोली सीने और दूसरी सिर में मारी है