यूनाइटेड अरब अमीरात (यूएई) में मीरानगर निवासी एक युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वह वहां रस-एल खेमा शहर के एक होटल में नौकरी करता था। घटना की सूचना के बाद से परिजन और रिश्तेदारों में कोहराम मच गया है।
पुत्र की मृत्यु से बुरी तरह से आहत माता-पिता ने केंद्र और प्रदेश सरकार से बेटे का शव शीघ्र घर लाने के लिए मदद की गुहार लगाई है।
गली नंबर-01, मीरानगर निवासी आशीष कंडवाल (28) पुत्र मोहनलाल कंडवाल करीब दस माह पहले यूएई गया था और वहीं एक होटल में नौकरी कर रहा था। परिजनों द्वारा बताया जा रहा है कि सोमवार रात होटल से कमरे पर लौटते समय सड़क पार करते हुए उसे एक वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी बीती देर रात युवक के साथ होटल में काम करने वाले दूसरे युवक ने उसके भाई को दी। मंगलवार सुबह से ही मीरानगर स्थित उनके घर पर पड़ोसियों और नाते रिश्तेदारों का तांता लग गया। उन्होंने घटना के प्रति दुख प्रकट करते हुए शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया।
विधायक प्रेमचंद अग्रवाल और भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति सजवाण भी युवक के घर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। मृतक के पिता मोहनलाल कंडवाल ने विधायक और सरकार से बेटे का शव शीघ्र घर लाने के लिए प्रक्रिया शुरू करने की गुहार लगाई है।
एंबेसी से नहीं मिली सूचना
आशीष के पिता मोहनलाल कंडवाल ने बताया कि बेटे की मौत की सूचना अभी तक इंडियन एंबेसी अथवा सरकार के माध्यम से उन्हें नहीं मिली है। सूचना युवक के दोस्त ने परिजनों को दी।