छावनी परिषद (कैंट बोर्ड) में अब आवासीय और व्यावसायिक भवनों के नक्शे ऑनलाइन जमा किए जाएंगे। देशभर के कैंट बोर्ड में तीन चरणों में यह व्यवस्था लागू की जानी है। इनमें से प्रथम चरण में देहरादून को पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर चुना गया है। यह निर्णय मंगलवार को कैंट बोर्ड की बैठक में लिया गया। बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी मुहर लगी है।
मंगलवार को अध्यक्ष ब्रिगेडियर अनिर्बन दत्ता की अध्यक्षता में बैठक हुई थी, जिसमें क्षेत्र के विकास और सुविधाओं के लिए कई प्रस्तावों पर चर्चा की गई। इनमें महत्वपूर्ण प्रस्ताव आवासीय और व्यावसायिक भवनों के नक्शों को जमा करने से संबंधित था। अभी तक बोर्ड में ऑफलाइन व्यवस्था लागू है। काफी समय से अन्य प्राधिकरण और निगमों की तर्ज पर यहां भी ऑनलाइन करने की मांग हो रही थी। अध्यक्ष ने बताया कि देशभर के कैंट बोर्ड में ऑनलाइन व्यवस्था लागू की जाएगी। इसकी शुरुआत देहरादून कैंट बोर्ड से की जाएगी। अब यह पोर्टल पर जमा किए जा सकेंगे। इससे पारदर्शिता बनी रहेगी।
इसके साथ कैंट क्षेत्र में वाटर एंड ड्रेनेज सिस्टम (जल और जल निकासी) की सुविधाओं पर भी चर्चा की गई। बताया गया कि अमृत-2 योजना के तहत वाटर एंड ड्रेनेज सिस्टम के लिए 27 करोड़ रुपये आवंटित किए जाएंगे। इससे क्षेत्र की लाखों जनता को फायदा होगा। इसके साथ ही प्रेमनगर में आयुर्वेदिक अस्पताल के लिए सब्जी मंडी के पास तीन बीघा जमीन देने पर सहमति बनी है। अस्पताल 10 बेड का होगा। यहां पर हर्बल गार्डन भी बनाया जाएगा। गढ़ी में संचालित ब्लूमिंग बर्ड्स स्कूल में राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) का केंद्र खुलेगा। प्रेमनगर में एक अंग्रेजी माध्यम का स्कूल भी संचालित किया जाएगा।
सीडीएस रावत की 12 फीट ऊंची प्रतिमा लगेगी
बैठक में शौर्य स्थल पर प्रथम सीडीएस जनरल बिपिन रावत की 12 फीट ऊंची प्रतिमा लगेगी। सीईओ तनु जैन ने बताया कि बिपिन रावत फाउंडेशन के इस प्रस्ताव को स्वीकृत कर रक्षा मंत्रालय को भेजा जा चुका है। वहां से स्वीकृति मिलने के बाद प्रतिमा लगाने का काम शुरू किया जाएगा। सीडीएस रावत का पिछले साल हेलीकॉप्टर हादसे में निधन हो गया था।
पीपीपी मोड पर संचालित होगा कैंट अस्पताल
कैंट अस्पताल पीपीपी मोड पर संचालित किया जाएगा। इसके लिए सरस्वती खन्ना मेमोरियल हास्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के नाम टेंडर खुला है। अंतिम मंजूरी से पहले अस्पताल विस्तृत प्रजेंटेशन देगा। आयुष्मान, ईसीएचएस, सीजीएचएस समेत अन्य कैशलेस स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अस्पताल में मिल सकेगा। बीपीएल मरीजों के लिए मुफ्त दवा की सुविधा इसमें जारी रहेगी। अभी तक प्रेमनगर में सामुदायिक चिकित्सा केंद्र उप जिला चिकित्सालय के तौर पर संचालित किया जा रहा है। यहां पर न केवल प्रेमनगर, बल्कि आसपास के क्षेत्रों से भी लोग इलाज कराने आते हैं। 10 बेड का यह अस्पताल खुलने से क्षेत्र की जनता को काफी सुविधाएं होंगी।
महिलाओं के लिए वेंडिंग जोन बनेगा
कैंट विधायक सरिता कपूर की ओर से क्षेत्र में महिलाओं के लिए वेंडिंग जोन बनाने के प्रस्ताव रखा गया। इस पर ध्वनिमत से फैसला लिया गया। इसके लिए भूमि की तलाश की जाएगी। गढ़ी-डाकरा व प्रेमनगर में स्मार्ट वेंडिंग जोन बनाने की कवायद शुरू हो गई है। बोर्ड अध्यक्ष ने भूमि की तलाश करने के निर्देश दिए हैं। इससे पहले जिस भूमि को वेंडिंग जोन के लिए चुना गया था, वहां पर इसका विरोध किया गया था। उस वक्त बात उठी थी कि यह भूमि डीआरडीओ की है। ऐसे में यहां पर वेंडिंग जोन नहीं बनाया जा सकता है।