गंगोत्री से दर्शन कर हरिद्वार लौट रहे इंदौर (मध्यप्रदेश) के 30 तीर्थयात्रियों में से 22 यात्री काल के ग्रास में समा गए। इसमें अभी चार यात्री लापता बताए जा रहे हैं। इस भीषण हादसे के बाद मध्यप्रदेश स्थित इंदौर के बेटमा में कुशवाह मोहल्ले के लोगों ने पूरी रात बैचेनी और रो-रोकर काटी।
इस मोहल्ले के जो यात्री 12 मई को बस में सवार होकर धार्मिक यात्रा पर निकले थे, उसके दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर आने के बाद मोहल्ले में मातम पसर गया। जो लोग हादसे का शिकार हुए हैं, उनमें से ज्यादातर मध्यमवर्गीय परिवार के हैं। कोई चाट का ठेला लगता है तो कोई फल बेचता है।