पुलिस के मुताबिक, गिरधारी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह हिस्ट्रीशीटर भी है। उसके खिलाफ बरेली समेत उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों और उत्तराखंड में 44 से अधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, दंगा, धोखाधड़ी, जमीन कब्जाने और गैंगस्टर एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। कुछ मामलों में उसे सजा भी हो चुकी है, जबकि कई न्यायालयों में विचाराधीन हैं। पुराने मामलों और वर्तमान प्रकरण में सामने आए आरोपों को देखते हुए पुलिस गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
पुलिस की कोशिश है कि गिरधारी के खिलाफ दर्ज पुराने मामलों का पूरा ब्योरा जुटाकर गैंगचार्ट तैयार किया जाए। इसमें उसके आपराधिक नेटवर्क, पुराने मुकदमों और कथित आपराधिक गतिविधियों से जुड़े तथ्यों को शामिल किया जाएगा। इसके बाद सक्षम स्तर से अनुमोदन लेकर गैंगस्टर एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस कई अलग-अलग पहलुओं पर काम कर रही है।