एक अस्पताल में काम करने वाली युवती से उसके दोस्त ने दुष्कर्म किया। युवती गर्भवती हुई तो दो बार गर्भपात भी कराया गया। पीड़िता ने जब शादी का दबाव बनाया तो उसने इनकार कर दिया। पुलिस ने शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
नेहरू कॉलोनी थाने के इंस्पेक्टर प्रदीप चौहान ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर विपिन गुसाईं निवासी सरस्वती विहार के खिलाफ दुष्कर्म और जबरन गर्भपात कराने का मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता का कहना है कि वह एक हॉस्पिटल में नर्सिंग स्टाफ में काम करती है। आरोपी हॉस्पिटल में अपने परिचित से मिलने आता था। इस दौरान उससे पहचान हो गई। आरोपी ने इंस्टाग्राम पर पीड़िता को फॉलो किया और मोबाइल नंबर ले लिया। इसके बाद बातचीत शुरू हो गई। आरोपी ने पीड़िता से शादी करने की इच्छा जाहिर की। पीड़िता ने बताया कि वह तलाकशुदा है। इसके बाद भी शादी के लिए राजी हो गया। 16 नवंबर 2020 को पीड़िता हॉस्पिटल से बाहर निकली तो आरोपी ने अपने जन्मदिन की बात बताई और कार से एक होटल में ले गया। यहां पीड़िता से दुष्कर्म किया। इससे पीड़िता गर्भवती हो गई तो उसका गर्भपात करवा दिया।
आरोप है कि इसके बाद भी दुष्कर्म करता रहा। पीड़िता ने शादी करने के लिए कहा तो बहन के बाद शादी करने की बात कही। वह दोबारा गर्भवती हुई तो फिर से गर्भपात करवा दिया। इसके बाद शादी के लिए टालमटोल करता रहा। पीड़िता का कहना है कि वह बीती 10 मार्च को आरोपी के घर कंडीसौड़, टिहरी गढ़वाल गई। आरोपी की मां से मिली और आपबीती बताई। इस पर परिवार वालों ने पीड़िता के चरित्र पर सवाल उठाए। आरोपी ने भी शादी से इनकार कर दिया। इंस्पेक्टर चौहान ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।