गुरुवार तड़के से राजधानी देहरादून में बारिश का दौर जारी है, जिससे मौसम सुहावना हो गया है। उधर, उत्तराखंड के पांच जिलों में अभी 24 घंटे और भारी बारिश का अलर्ट है।
मौसम विभाग के मुताबिक इन पांच जिलों के अलावा प्रदेश में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। राजधानी में भी बादल छाए रहेंगे और बारिश की भी संभावना है।
बुधवार को राजधानी में सुबह हल्की बूंदाबांदी के बाद दिनभर बादल छाए रहे। हालांकि इस बीच उमस ने भी परेशान किया। बारिश और बादलों की वजह से राजधानी में दिन का अधिकतम तापमान करीब चार डिग्री गिर गया।
मंगलवार को दिन का तापमान 33.6 डिग्री था जो कि बुधवार को गिरकर 29.7 पर आ गया। उमस दिन भर 70 प्रतिशत से ऊपर रही।
मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि प्रदेश में उत्तरकाशी, टिहरी गढ़वाल, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ में आगामी 24 घंटे भारी बारिश हो सकती है। उन्होंने बताया कि राजधानी में भी बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम बारिश के भी आसार हैं।