रैगिंग के आरोप में सस्पेंड हुए दो छात्रों के समर्थन में उनके साथी छात्र खुलकर सामने आ गए। छात्रों ने कॉलेज के प्रशासनिक भवन के समक्ष धरना देने के बाद बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर रैली निकाली। चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र इंटरनल प्रेक्टिकल एक्जाम में भी शामिल नहीं हुए।
वहीं, कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सीएम रावत ने धरना-रैली और प्रायोगिक परीक्षाओं के बहिष्कार की जानकारी होने से इनकार किया है। अलबत्ता उन्होंने रैगिंग के संबंध में आदेश जारी किए हैं। इसमें रैगिंग में लिप्त पाए जाने पर सुप्रीम कोर्ट, एमसीआई और यूजीसी के निर्देशानुसार प्रवेश रद्द व एफआईआर की चेतावनी दी गई है।
श्रीनगर मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस प्रथम बैच के एक छात्र ने छात्रावास में रैगिंग लिए जाने की शिकायत एंटी रैगिंग हेल्प लाइन में की थी। हेल्प लाइन के निर्देशों के बाद मंगलवार को एंटी रैगिंग कमेटी ने रैगिंग के दोषी दो छात्रों कुलदीप चंद्रा और चंद्रेश मर्तोलिया (2015 बैच) को एक सेमेस्टर के लिए निलंबन की संस्तुति दी।