प्रेमनगर के देव ज्वेलर्स के यहां हुई लूट की योजना सोनू यादव के भाई के घर पर बनाई गई थी। शनिवार को पुलिस ने घटना में फरार सोनू यादव के भाई सुमित यादव को गिरफ्तार करने के बाद यह खुलासा किया है। पुलिस ने लूटे के जेवरात में से एक सोने की चेन और एक अंगूठी बरामद की है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
बता दें, गत सात अक्तूबर को प्रेमनगर स्थित देव ज्वेलर्स के यहां अज्ञात बदमाशों ने फायर कर लाखों रुपये की ज्वेलरी और नगदी लूट ली थी। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो इसमें चेन लूट में कुख्यात करन शिवपुरी और उसके साथी सोनू यादव का नाम सामने आया। जांच आगे बढ़ी तो पुलिस ने इसमें कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बदमाशों को कस्टडी में लेकर दिल्ली में भी छापे मारे।
इस दौरान पता चला कि लूट में सोनू यादव का भाई सुमित यादव भी नाम शामिल था। इसके बाद पुलिस ने शनिवार अल सुबह सुमित यादव निवासी महिपालपुर दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया। एसओ प्रेमनगर धर्मेंद्र रौतेला ने बताया कि पूछताछ में सुमित ने बताया कि लूट की योजना सोनू और करन ने उसके घर पर बनाई थी। लूट के बाद उसे 50 हजार रुपये, एक सोने की चेन व अंगूठी मिली थी। पुलिस ने सुमित के कब्जे से सोने की चेन व अंगूठी बरामद कर ली है। एसओ ने बताया कि सोनू यादव और करन शिवपुरी की तलाश में लगातार छापे मारे जा रहे हैं।