मुद्रा-महेंद्रगढ़ डबल सर्किट ट्रांसमिशन लाइन में पावर ग्रिड के इमरजेंसी शटडाउन लेने से उत्तराखंड में भी बिजली आपूर्ति को झटका लगा। राज्य में कई जगह लोगों को घंटों बिजली कटौती का सामना करना पड़ा।
दरअसल, जैसे ही इस ट्रांसमिशन लाइन पर शटडाउन लिया गया, नार्दर्न रीजन लोड डिस्पैच सेंटर (एनआरएलडीसी) के अफसर भी हरकत में आ गए। एनआरएलडीसी ने वेस्टर्न रीजन से उत्तर भारत के सभी राज्यों को आने वाली बिजली को काट दिया।
हरियाणा से खरीदी अतिरिक्त बिजली
इसके चलते उत्तराखंड पॉवर कॉरपोरेशन द्वारा छत्तीसगढ़ से टाटा पॉवर और श्री सीमेंट से खरीदी गई बिजली राज्य को नहीं मिल पाई। पॉवर कॉरपोरेशन के अफसर एनआरएलडीसी से लगातार संपर्क करते रहे, लेकिन वहां से तत्काल कोई राहत मिलती नजर नहीं आई।
इस पर पॉवर कॉरपोरेशन द्वारा हरियाणा से संपर्क कर अतिरिक्त बिजली की खरीद की गई। हरियाणा से मिली बिजली से कटौती को कम किया गया। शुक्रवार को हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के ग्रामीण क्षेत्रों में चार घंटे तक की बिजली कटौती करनी पड़ी।
वहीं, राज्य में विद्युत मांग लगभग चार करोड़ यूनिट तक पहुंच गई है। पॉवर कॉरपोरेशन के प्रवक्ता मधुसूदन ने बताया कि नदियों में पानी कम होने के कारण राज्य के जल विद्युत गृहों में उत्पादन लगातार कम हो रहा है। इसे देखते हुए इंडियन एनर्जी एक्सचेंज से शनिवार (आज) के लिए एक करोड़ 40 लाख यूनिट बिजली खरीद ली गई है।