बिजली कटौती से देहरादूनवासियों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। तपती गर्मी में बिजली के दगा देने से लोग देर रात तक घरों से बाहर रतजगा करने को मजबूर हैं।
इंवर्टर जवाब दे रहे हैं, फ्रिज में सामान खराब होने लगा है, पानी ठंडा नहीं हो पा रहा, आरओ भी पानी फिल्टर नहीं कर रहा है। इसके अलावा बिजली से चलने वाले जरूरी कार्य न होने से कई लोगों की आजीविका पर भी संकट बना हुआ है।
बिजली कटौती की मार ने पेयजल संकट भी खड़ा कर दिया है। न शाम को पूरा पानी मिल पा रहा है न सुबह के वक्त। ऐसे में लोग दुकान-दफ्तर भी देरी से पहुंच रहे हैं।
घंटों बिजली गुल रहने से टर्नर रोड स्थित एक दुकान में बीस हजार की आइसक्रीम खराब हो गई। दुकानदार ने बताया कि वह अब तभी आइसक्रीम का स्टाक मंगाएंगे, जब बिजली आपूर्ति सुचारु हो जाएगी।
जोगीवाला निवासी राजेश शंकर का परिवार अमूमन रात को दस बजे सो जाता है। बिजली न होने से रात को घंटों घर के बाहर बैठना पड़ रहा है। राजेश ने बताया बिजली न होने से बाहर अंधेरा भी रहता है। ऐसे में आपराधिक घटना का भी डर सताता है।
यहां रही बिजली कटौती
तुनवाला चार घंटे, मियावाला पांच घंटे, शांतिकुंज छह घंटे, हिल व्यू कॉलोनी (वसंत विहार) पांच घंटे, चंदरनगर तीन घंटे, तिब्बती मार्केट पांच घंटे, निरंजनपुर, इंजीनियर्स एन्क्लेव पांच घंटे, इंद्रापुरम पांच घंटे, जीएमएस रोड पांच घंटे, सैनिक कॉलोनी पित्थुवाला क्षेत्र में छह घंटे बिजली कटौती रही।
इस अवधि में कुछ देर के लिए बिजली आपूर्ति हुई भी तो लो-वोल्टेज ने परेशान किया। इसके अलावा चाणक्यपुरी, दून विश्वविद्यालय रोड, अजबपुर खुर्द, मोहकमपुर, हर्रावाला, नत्थनपुर, रायपुर, वाणी विहार, दूधली, बंजारावाला आदि क्षेत्रों में भी पांच घंटे के लिए बिजली कटौती हुई।
नेहरू कॉलोनी, राजपुर रोड, अजबपुर खुर्द, धर्मपुर, शिवालिक एन्क्लेव, पटेलनगर, सेवलाकलां, शिमला बाइपास आदि क्षेत्रों में तीन से चार घंटे की बिजली कटौती हुई। पटेलनगर, लाल पुल, आईएसबीटी, सुभाषनगर, मोहब्बेवाला, टर्नर रोड, क्लेमेंटटाउन, जीएमएस रोड, इंजीनियर्स एन्क्लेव, पलटन बाजार, घंटाघर, राजपुर रोड, ब्रह्मपुरी, चमनपुरी, हरिद्वार बाईपास, रायपुर, सहस्त्रधारा रोड आदि क्षेत्रों में तीन से चार घंटे तक की बिजली कटौती हुई।
अब नहीं होगी बिजली कटौती
ऊर्जा निगम अधिकारियों ने दावा किया है कि आज रात से बिजली व्यवस्था सामान्य हो गई है। चौतरफा हाहाकार की खबरों के बाद ऊर्जा निगम के प्रबंध निदेशक सुमेर सिंह यादव ने सुबह डोईवाला पहुंचकर माजरा-ऋषिकेश लाइन के टावरों को ऊंचा करने के कार्य की मॉनिटरिंग की और जल्द काम समाप्त करने के निर्देश दिए।
ऊर्जा निगम के प्रवक्ता मधुसूदन ने बताया कि बुधवार रात आठ बजे टावर ऊंचा करने का काम समाप्त कर दिया गया है। अब बिजली कटौती की ज्यादा दिक्कत नहीं होगी।
बिजली कटौती पर भड़के लोग
बिजली कटौती से परेशान मलिन बस्ती विकास मंच ने विद्युत विभाग के चमनपुर स्थित सब स्टेशन पर प्रदर्शन कर सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपा। लोगों का कहना हैं कि शहर के कई पॉश इलाकों में बिजली कटौती न के बराबर हैं, जबकि चमनपुर में बार-बार बिजली कटौती की जा रही है।
यह विद्युत विभाग का पक्षपातपूर्ण रवैया दर्शाता हैं। मंच के महासचिव संजय सिंघल ने बिजली के पोल की कमी का मुद्दा भी सहायक अभियंता के सामने रखा और पोल लगाने की मांग की। लोगों के गुस्से को देखकर सहायक अभियंता एसडी जोशी ने बिजली सुचारु करने का आश्वासन दिया।
इस दौरान विकास शर्मा, जोगेंद्र पुंडीर, एसएम चौहान, योगेंद्र नेगी, राकेश, अल्ताफ , महेंद्र, मुकेश, लाखन, डिंपल, मनीष, सुबोध, सन्नी, रोहित आदि मौजूद थे।