पतंजलि फूड पार्क पदार्था के ट्रक यूनियन और स्थानीय ट्रक यूनियनों के बीच हुए बवाल में पुलिस ने बाबा रामदेव के भाई रामभरत को हिरासत में लिया है। बुधवार दोपहर हुए इस खूनी बवाल में एक की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए।
पतंजलि फूड पार्क पदार्था में बाहरी ट्रक यूनियनों द्वारा माल ढुलाई होती है। जिससे स्थानीय ट्रक यूनियन काफी नाराज हैं। कई बार ये यूनियनें इसका विरोध भी जता चुकी हैं। बुधवार को फूड पार्क के ट्रक माल लेकर जा रहे थे कि तभी स्थानीय ट्रक यूनियनों ने पार्क के गेट के पास ट्रकों को रोक लिया और विरोध जताने लगे।
यह देख पतंजलि फूड पार्क पदार्था के सिक्योरिटी गार्ड ने उन्हें भगाने की कोशिश की, जिससे स्थानीय ट्रक यूनियन के लोग गार्डों से भिड़ गए। इस दौरान धारदार हथियार के वार से दलजीत सिंह निवासी एथल, लक्सर की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए।
यह देख आसपास के लोग भी स्थानीय ट्रक यूनियनों के साथ हो लिए और फूड पार्क के ट्रकों में जमकर तोड़फोड़ की। जिससे लक्सर-हरिद्वार रोड पर जाम लग गया। घायलों में से छह लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया। वहीं कुछ घायलों ने आसपास के इलाके में मौजूद अस्पतालों में इलाज करवाया। घटना की सूचना पाकर पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।