बता दें कि जून में पावर बैंक नाम के मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से ठगी का मामला सामने आया था। इसके माध्यम से चीन और अन्य देशों में बैठे चंद ठगों ने भारत के विभिन्न शहरों के लोगों से करीब 300 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि ठग ली थी।
देश के सबसे बड़ी साइबर ठगी में से एक पावर बैंक मामले में उत्तराखंड एसटीएफ ने तमिलनाडु में दबिश दी है। यहां दो जिलों में कई लोगों को हिरासत में लेने की सूचना है। एसटीएफ और देश की अन्य राज्यों की पुलिस अब तक दर्जनों आरोपियों को इस मामले में गिरफ्तार कर चुकी है।
विज्ञापन
जून में पावर बैंक नाम के मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से ठगी का मामला सामने आया था। इसके माध्यम से चीन और अन्य देशों में बैठे चंद ठगों ने भारत के विभिन्न शहरों के लोगों से करीब 300 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि ठग ली थी। एसटीएफ ने यहां एक शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद एक अन्य की गिरफ्तारी हुई थी। एसटीएफ ने ठगों के खातों में चार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि को फ्रीज करा दिया है।
इसके अलावा दिल्ली और अन्य शहरों में पकड़े गए आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर देहरादून लेकर भी आया गया है। इनसे पूछताछ के आधार पर अब एसटीएफ ने तमिलनाडु के इरोड और सालेम जिलों में दबिश दी है। बताया जा रहा है कि यहां पर तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। एसटीएफ जल्द उन्हें देहरादून लेकर आ सकती है।
विदेशियों पर कार्रवाई की प्रक्रिया भी जारी
एसटीएफ के अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इस मामले में कई विदेशी नागरिकों के नाम भी सामने आए हैं। ऐसे में उन पर कार्रवाई के लिए इंटरपोल और अन्य एजेंसियों से भी संपर्क किया गया है। ताकि, नियमानुसार इन पर जल्द कार्रवाई की जा सके।
कंपनी का डयरेक्टर हो चुका गिरफ्तार
पिछले दिनों शेल कंपनी के डायरेक्टर हिमांशु कपूर को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इसे एसटीएफ पूछताछ के लिए देहरादून लेकर आई थी। छह अन्य के खिलाफ बी वारंट जारी कराए जा चुके हैं।